Skip to main content

जीत का जूनून तारी है पूरे देश पर...जारी रहे ये हैंग ओवर...


देखा जाए तो आज के अखबार में भी वही सब है, भ्रष्टाचार, नाबालिक के साथ बलात्कार, सेक्स रैकेट का भंडाफोड, लूट पाट सब है, मगर आज के अखबार में ऐसा भी कुछ है जो इन सब नकारात्मकताओं के ऊपर भी हावी है. टीम इंडिया की वर्ल्ड कप फतह एक ऐसी खबर है जिसने करोड़ों देशवासियों को सर उठा कर अपने देश पर फक्र करने की वजह दी है एक बार फिर. १९८३ में जब एक पुछल्ली टीम रही इंडिया ने एक करिश्माई कैप्टन की अगुवाई में जब ये करिश्मा कर दिखाया था तब मेरी उम्र ९ साल थी. न तो उन दिनों घर में टेलीविजन था न ही इस बात की खबर की क्रिकेट जैसी कोई चीज़ भी दुनिया में होती है. मगर अगले ४ सालों में घर पर एक ब्लैक एंड वाईट टीवी आ चुका था और क्रिकेट की बेसिक जानकारियाँ भी समझ आने लगी थी. साल १९८७, वो सुनील गावस्कर का आखिरी कप था और मुझे याद है न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने अपना पहला और आखिरी शतक जमाया था. इसी मैच में चेतन शर्मा ने विश्व कप की पहली हैट ट्रिक भी ली थी, मगर भारत सेमी में इंग्लैंड के हाथों पिट गया. मुझे याद है अपने आखिरी कप खेल रहे पाकिस्तान के जबरदस्त कप्तान इमरान खान १९९२ में जब इस कप को उठाया था तब पकिस्तान में लोगों में कैसा जोश दिखाया था.

ये वो समय था जब हिंदुस्तान एक बड़े बदलाव से गुजर रहा था, नयी पीढ़ी नए आदर्शों को तलाश रही थी. और यहीं क्रिकेट में आदर्श बन कर उभरा एक सितारा जिसने भारतीय खिलाड़ियों के खेलने की सोच को ही बदल दिया, जी हाँ सचिन के बाद की क्रिकेट पीढ़ी में शायद ही आपको गावस्कर, वेंगसरकर, या शास्त्री जैसी मृदुलता मिलेगी. यहाँ आक्रामक होना स्वाभाविक था और विपक्षी पर अपने पूरे हुनर के साथ दबाब डालना खेल का नया नियम. लगभग इसी दौर में एक नया लीडर पैदा हो रहा था सौरव गांगुली के रूप में, जिसने वास्तव में खिलाड़ियों को विपक्षी खिलाड़ियों की आँखों में ऑंखें डाल कर खेलने के लिए तैयार किया. २००३ के वर्ल्ड कप में सचिन ने अपना सब कुछ झोंक दिया. पर अभी भी पूरी टीम सचिन के इर्द गिर्द ही चल रही थी, उनके आउट होते ही जैसे जीत की उम्मीदें भी दफ़न हो जाती थी. यही वास्तविक अंतर है २००३ की टीम में जो फाईनल तक तो पहुंची मगर खाली हाथ लौट आई और २०११ की इस खास टीम में जिसने तमाम अटकलों को दाव पर रख कर, दबाब को पार पाते हुए विश्व कप फाईनल के अब तक के सबसे बड़े चेस को अंजाम दिया और विजय हासिल की. कल के फाईनल मुकाबले में भी सचिन जल्द ही आउट हो गए मगर टीम जरा भी नहीं लडखडाई. यही है आज की इंडियन टीम जिसके ज्यादातर खिलाड़ी मानते हैं सचिन को अपनी प्रेरणा मगर जो खुद भी अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला नहीं झाड़ते, और समय पड़ने पर अपना सब कुछ झोंकने के लिए भी तैयार मिलते हैं. २८ सालों का लंबा इंतज़ार और विश्व कप पर एक बार भारत का कब्ज़ा. वाकई ये २८ वर्ष के वर्ल्ड कप का सफर देश के लिए भी एक वृत्त के पूरे होने जैसा है.

आज मेरा बेटा करीब ८ साल का है, यही लगभग मेरी उम्र थी जब हिंदुस्तान में पहला वर्ल्ड कप आया था. कल मेरे साथ इस अंतिम मुकाबले को देख कर वो खुश तो बहुत हुआ पर इसके महत्त्व को शायद समझने लायक नहीं हुआ है. आज का अखबार मैं बहुत संभाल के रखने वाला हूँ, हो सकता है जब अगली बार भारत विश्व कप जीते तब वो जानना चाहे कि २०११ का कप जीतना कैसा था.

इस विश्व कप के स्वागत के लिए जो गीत हमने बनाया था “जीत का जूनून”, आज विश्व कप हाथ में आ जाने के बाद लगता है कि जैसे इस पूरे मुकाबले की स्क्रिप्ट जैसे पहले से ही तैयार रही हो वैसे ही इस गीत की हर पंक्ति भी उसी स्क्रिप्ट राईटर ने ही मुझसे लिखवाई हो....उदाहरण के लिए देखिये ये पंक्तियाँ ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिखी गयी थी....

सुनो नगाड़े किला हिला दो बढ़ो चलो,
चलो दहाड़े, किला हिला दो बढ़ो चलो...


तीन बार से विश्व कप विजेता रही ऑस्ट्रेलिया की टीम का किला हिलाना आसान नहीं था, पर भारत की टीम ने इस अड़चन को भी पार किया.

हार के पंजों से जीत को छीन लो,
नाम हमारे हो फतह ठान लो...


याद कीजिए कल के मैच में यही तो हुआ था, जब भारत ने हारी हुई बाज़ी पलट दी तमाम दबाबों को दरकिनार कर.

एक से एक मिले तो हो ग्यारह, हाँ ग्यारह हो हमारा,
देश का यही है आज नारा.....


वाकई ग्यारह तो हमारा ही रहा. बधाई सभी देशवासियों को. “जीत का जूनून” यू ट्यूब पर २५०० से अधिक दर्शक देख चुके हैं. टाईम्स और मेट्रो न्यूस में इस पर आलेख लिखे गए हैं. कल अंतिम मुकाबले से पहले टाईम्स नाऊ में इसके गायक दीपेश और संगीतकार ईश्वर ने इसे लाईव परफोर्म किया अनप्लग्ड, और अभी भी जारी है जीत का जूनून और जारी ही रहे यही कामना है.

Comments

AVADH said…
बधाई हो सजीव जी,
और आपके साथ सब हिन्दयुग्म की टीम और समस्त देशवासियों को.
अवध लाल

Popular posts from this blog

भला हुआ मेरी मटकी फूटी.. ज़िन्दगी से छूटने की ख़ुशी मना रहे हैं कबीर... साथ हैं गुलज़ार और आबिदा

महफ़िल-ए-ग़ज़ल #११३ सू फ़ियों-संतों के यहां मौत का तसव्वुर बडे खूबसूरत रूप लेता है| कभी नैहर छूट जाता है, कभी चोला बदल लेता है| जो मरता है ऊंचा ही उठता है, तरह तरह से अंत-आनन्द की बात करते हैं| कबीर के यहां, ये खयाल कुछ और करवटें भी लेता है, एक बे-तकल्लुफ़ी है मौत से, जो जिन्दगी से कहीं भी नहीं| माटी कहे कुम्हार से, तू क्या रोंदे मोहे । एक दिन ऐसा आयेगा, मैं रोदुंगी तोहे ॥ माटी का शरीर, माटी का बर्तन, नेकी कर भला कर, भर बरतन मे पाप पुण्य और सर पे ले| आईये हम भी साथ-साथ गुनगुनाएँ "भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे"..: भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे । मैं तो पनिया भरन से छूटी रे ॥ बुरा जो देखन मैं चला, बुरा ना मिलिया कोय । जो दिल खोजा आपणा, तो मुझसा बुरा ना कोय ॥ ये तो घर है प्रेम का, खाला का घर नांहि । सीस उतारे भुँई धरे, तब बैठे घर मांहि ॥ हमन है इश्क़ मस्ताना, हमन को हुशारी क्या । रहे आज़ाद या जग से, हमन दुनिया से यारी क्या ॥ कहना था सो कह दिया, अब कछु कहा ना जाये । एक गया सो जा रहा, दरिया लहर समाये ॥ लाली मेरे लाल की, जित देखूं तित लाल । लाली देखन मैं गयी, मैं भी हो गयी लाल ॥ हँस हँस कु...

"जाने कहाँ गए वो दिन...", कौन कौन से थे इस गीत के वो तीन अन्तरे जो जारी नहीं हुए?

एक गीत सौ कहानियाँ - 95 'जाने कहाँ गए वो दिन ...'   रेडियो प्लेबैक इण्डिया' के सभी श्रोता-पाठकों को सुजॉय चटर्जी का प्यार भरा नमस्कार। दोस्तों, हम रोज़ाना  रेडियो पर, टीवी पर, कम्प्यूटर पर, और न जाने कहाँ-कहाँ, जाने कितने ही गीत सुनते हैं, और गुनगुनाते हैं। ये फ़िल्मी नग़में हमारे साथी हैं सुख-दुख के, त्योहारों के, शादी और अन्य अवसरों के, जो हमारे जीवन से कुछ ऐसे जुड़े हैं कि इनके बिना हमारी ज़िन्दगी बड़ी ही सूनी और बेरंग होती। पर ऐसे कितने गीत होंगे जिनके बनने की कहानियों से, उनसे जुड़े दिलचस्प क़िस्सों से आप अवगत होंगे? बहुत कम, है न? कुछ जाने-पहचाने, और कुछ कमसुने फ़िल्मी गीतों की रचना प्रक्रिया, उनसे जुड़ी दिलचस्प बातें, और कभी-कभी तो आश्चर्य में डाल देने वाले तथ्यों की जानकारियों को समेटता है 'रेडियो प्लेबैक इण्डिया' का यह स्तम्भ 'एक गीत सौ कहानियाँ'।  इसकी 95-वीं कड़ी में आज जानिए 1970 की फ़िल्म ’मेरा नाम जोकर’ के मशहूर गीत "जाने कहाँ गए वो दिन..." के बारे में जिसे मुके...

छम छम नाचत आई बहार....एक ऐसा मधुर गीत जिसे सुनकर कोई भी झूम उठे

ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 366/2010/66 "ए क बार फिर बसंत जवान हो गया, जग सारा वृंदावन धाम हो गया, आम बौराई रहा, सरसों भी फूल रहा, खेत खलिहान शृंगार हो गया, पिया के हाथ दुल्हन शृंगार कर रही, आज धूप धरती से प्यार कर रही, बल, सुंदरता के आगे बेकार हो गया, सृष्टि पे यौवन का वार हो गया, रात भी बसंती, प्रभात भी बसंती, बसंती पिया का दीदार हो गया, सोचा था फिर कभी प्यार ना करूँगा, पर 'अंजाना' बसंत पे निसार हो गया, एक बार फिर बसंत जवान हो गया।" अंजाना प्रेम ने अपनी इस कविता में बसंत की सुंदरता को शृंगार रस के साथ मिलाकर का बड़ा ही ख़ूबसूरत नज़ारा प्रस्तुत किया है। दोस्तों, इन दिनों आप 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर सुन रहे हैं इस रंगीले मौसम को और भी ज़्यादा रंगीन बनानेवाले कुछ रंगीले गीत इस 'गीत रंगीले' शृंखला के अंतर्गत। आज प्रस्तुत है राग बहार पर आधारित लता मंगेशकर की आवाज़ में फ़िल्म 'छाया' का गीत "छम छम नाचत आई बहार"। राजेन्द्र कृष्ण के लिखे इस गीत की तर्ज़ बनाई है सलिल चौधरी ने। १९६१ की यह फ़िल्म ऋषिकेश मुखर्जी की फ़िल्म थी जिसमें मुख्य कलाकार थे सुनिल...