Skip to main content

बेईमान बालमा मान भी जा...आशा की इस गुहार से बचकर कहाँ जायेंगे...

ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 54

.पी. नय्यर के गानों में एक अलग ही चमक हुआ करती थी। चाहे गाना ख़ुशरंग हो या फिर ग़मज़दा, नय्यर साहब का हर एक गीत रंगीन है, चमकदार है। उनका संगीत संयोजन कुछ इस तरह होता था कि उनके गीतों में हर एक साज़ बहुत ही साफ़ साफ़ सुनाई पड़ता था। दूसरे संगीतकारों की तरह उन्होने कभी 'वायलिन' से 'हार्मोनी' पैदा करने की कोशिश नहीं की, बल्कि हर साज़ को एकल तरीके से गीतों में पेश किया। फिर चाहे वह सारंगी हो या सितार, 'सैक्सोफ़ोन' हो या फिर बांसुरी। मूड, पात्र और स्थान - काल के आधार पर साज़ों का चुनाव किया जाता था, और इन साज़ों के हर एक पीस को बहुत ही निराले ढंग से पेश किया जाता था। इन साज़ों को बजाने के लिए भी नय्यर साहब ने हमेशा बड़े बड़े साज़िंदों और फ़नकारों को ही नियुक्त किया। इन फ़नकारों के बारे में विस्तार से हम फिर कभी बात करेंगे, चलिये अब आ जाते हैं आज के गीत पर। आज का गीत है फ़िल्म 'हम सब चोर हैं' से, नय्यर साहब का संगीत, मजरूह साहब के बोल, और आशाजी की आवाज़।

शम्मी कपूर, नलिनी जयवन्त और अमीता अभिनीत फ़िल्म 'हम सब चोर हैं' आयी थी सन १९५६ में, जो बनी थी फ़िल्मिस्तान के बैनर तले। फ़िल्मिस्तान सन १९४४ से फ़िल्में बना रही थी और तब से लेकर 'हम सब चोर हैं' के बनने तक, यानी कि १९५६ तक कई संगीतकारों को मौका दिया जैसे कि मास्टर ग़ुलाम हैदर, हरि-प्रसन्न दास, सी. रामचन्द्र, सचिन देव बर्मन, विनोद, श्यामसुंदर, हेमन्त कुमार, मदन मोहन, बसंतप्रकाश, एस. मोहिन्दर, रवि और सरदार मलिक। १९५६ में इस बैनर ने अपने नाम दो और संगीतकार जोड़ लिए- फ़िल्म 'हीर' में अनिल बिश्वास और 'हम सब चोर हैं' में ओ. पी. नय्यर। आइ. एस. जोहर निर्देशित इस फ़िल्म को बहुत ज़्यादा ख्याति तो नहीं मिली, लेकिन नय्यर साहब अपने गीत संगीत के ज़रिये लोगों के दिलों में अपनी जगह बरक़रार रखने में जरूर कामियाब रहे । प्रस्तुत गीत में आशा भोंसले की आवाज़ के उछाल में बह जाइए दोस्तों, और साथ ही महसूस कीजिए नय्यर साहब की वह ख़ास अंदाज़ जो वो उत्पन्न करते थे 'चेलो' (cello) और सारंगी के मिश्रण से। 'हम सब चोर हैं' फ़िल्म से पेश है "बेइमान बालमा मान भी जा, बेजान ज़ालमा मान भी जा"।



और अब बूझिये ये पहेली. अंदाजा लगाईये कि हमारा अगला "ओल्ड इस गोल्ड" गीत कौन सा है. हम आपको देंगे तीन सूत्र उस गीत से जुड़े. ये परीक्षा है आपके फ़िल्म संगीत ज्ञान की. अगले गीत के लिए आपके तीन सूत्र ये हैं -

१. कैफी आज़मी के बोल और मदन मोहन का संगीत.
२. राजकुमार और प्रिय राजवंश हैं इस फिल्म में.
३. मुखड़े में शब्द है- "सदके"

कुछ याद आया...?

पिछली पहेली का परिणाम -
नीरज जी के लिए जोरदार तालियाँ, एक मुश्किल गीत का संकेत पकडा है आपने. शन्नो जी जब दिल से दिल जुड़ जाते हैं तो "telepathy" काम करती है. इन गीतों के माध्यम से हम सब के दिल जुड़ जो गए हैं, तो कोई आश्चर्य नहीं कि आप गीत सोचें और हम प्रस्तुत करें. वैसे मनु जी ने भी कुछ हद तक सही कहा है, कहीं प्याज काटते वक़्त तो ये गीत याद नहीं आया न...हा हा हा..


खोज और आलेख- सुजॉय चटर्जी



ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम ६-७ के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवायेंगे, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.


Comments

manu said…
शानदार गीत लता का,,

दो दिल टूटे दो दिल हारे.....
दुनिया वालो सदके तुम्हारे............
neelam said…
o p nayyar ji ne jo naayab gaane diye hain .aasha ji ki aawaj me
sab ke sab bemisaal hain .ek musaafir ek haseena film ke kuch gaane bhi sunvaaiye .
आशा जी द्वारा गाया गया गीत मधुर है...सदके से मनु ने सही पहचाना है...सदके का एक और गीत है जो मुझे पसंद है 'मेरी जान तुम पे सदके अहसान इतना कर दो, मेरी जिन्दगी में अपनी चाहत का रंग भर दो...'कभी सुनवा दीजियेगा...
shanno said…
मुझे फिर हंसी आ गयी पढ़कर......मनु जी का दिमाग बहुत ही advanced है....उसकी पहुँच वहां तक है जहाँ किसी की भी सोच नहीं पहुँच सकती. प्याज़ से मेरे गाने का कोई सम्बंध नहीं था उस दिन, उस दिन प्याज की कोई खता नहीं थी, ऐसा कुछ नहीं हुआ. मनु जी को ग़लतफ़हमी हो गयी है. मैं तो बस अपना मनोरंजन कर रही थी खुद गाकर क्योंकि किसी और के सामने अपनी आवाज़ में गाने की हिम्मत नहीं कर सकती, कान में उंगली लगाकर सब उठकर भाग जाते हैं या फिर मुझे चुप करा दिया जाता है.....मेरा मतलब समझ गए ना आप? समझदार के लिए इशारा काफी, है ना?
वैसे कभी 'न हम तुम्हे जानें न तुम हमें जानो मगर लगता है कुछ ऐसा.....' वाला गाना भी सुनाने की तकलीफ करें. और जो आचार्य जी ने इस बार बताया है वह भी मेरी पसंद का है. आगे कुछ और भी सोच कर कभी बताऊंगी. शुक्रिया.

Popular posts from this blog

भला हुआ मेरी मटकी फूटी.. ज़िन्दगी से छूटने की ख़ुशी मना रहे हैं कबीर... साथ हैं गुलज़ार और आबिदा

महफ़िल-ए-ग़ज़ल #११३ सू फ़ियों-संतों के यहां मौत का तसव्वुर बडे खूबसूरत रूप लेता है| कभी नैहर छूट जाता है, कभी चोला बदल लेता है| जो मरता है ऊंचा ही उठता है, तरह तरह से अंत-आनन्द की बात करते हैं| कबीर के यहां, ये खयाल कुछ और करवटें भी लेता है, एक बे-तकल्लुफ़ी है मौत से, जो जिन्दगी से कहीं भी नहीं| माटी कहे कुम्हार से, तू क्या रोंदे मोहे । एक दिन ऐसा आयेगा, मैं रोदुंगी तोहे ॥ माटी का शरीर, माटी का बर्तन, नेकी कर भला कर, भर बरतन मे पाप पुण्य और सर पे ले| आईये हम भी साथ-साथ गुनगुनाएँ "भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे"..: भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे । मैं तो पनिया भरन से छूटी रे ॥ बुरा जो देखन मैं चला, बुरा ना मिलिया कोय । जो दिल खोजा आपणा, तो मुझसा बुरा ना कोय ॥ ये तो घर है प्रेम का, खाला का घर नांहि । सीस उतारे भुँई धरे, तब बैठे घर मांहि ॥ हमन है इश्क़ मस्ताना, हमन को हुशारी क्या । रहे आज़ाद या जग से, हमन दुनिया से यारी क्या ॥ कहना था सो कह दिया, अब कछु कहा ना जाये । एक गया सो जा रहा, दरिया लहर समाये ॥ लाली मेरे लाल की, जित देखूं तित लाल । लाली देखन मैं गयी, मैं भी हो गयी लाल ॥ हँस हँस कु...

"जाने कहाँ गए वो दिन...", कौन कौन से थे इस गीत के वो तीन अन्तरे जो जारी नहीं हुए?

एक गीत सौ कहानियाँ - 95 'जाने कहाँ गए वो दिन ...'   रेडियो प्लेबैक इण्डिया' के सभी श्रोता-पाठकों को सुजॉय चटर्जी का प्यार भरा नमस्कार। दोस्तों, हम रोज़ाना  रेडियो पर, टीवी पर, कम्प्यूटर पर, और न जाने कहाँ-कहाँ, जाने कितने ही गीत सुनते हैं, और गुनगुनाते हैं। ये फ़िल्मी नग़में हमारे साथी हैं सुख-दुख के, त्योहारों के, शादी और अन्य अवसरों के, जो हमारे जीवन से कुछ ऐसे जुड़े हैं कि इनके बिना हमारी ज़िन्दगी बड़ी ही सूनी और बेरंग होती। पर ऐसे कितने गीत होंगे जिनके बनने की कहानियों से, उनसे जुड़े दिलचस्प क़िस्सों से आप अवगत होंगे? बहुत कम, है न? कुछ जाने-पहचाने, और कुछ कमसुने फ़िल्मी गीतों की रचना प्रक्रिया, उनसे जुड़ी दिलचस्प बातें, और कभी-कभी तो आश्चर्य में डाल देने वाले तथ्यों की जानकारियों को समेटता है 'रेडियो प्लेबैक इण्डिया' का यह स्तम्भ 'एक गीत सौ कहानियाँ'।  इसकी 95-वीं कड़ी में आज जानिए 1970 की फ़िल्म ’मेरा नाम जोकर’ के मशहूर गीत "जाने कहाँ गए वो दिन..." के बारे में जिसे मुके...

छम छम नाचत आई बहार....एक ऐसा मधुर गीत जिसे सुनकर कोई भी झूम उठे

ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 366/2010/66 "ए क बार फिर बसंत जवान हो गया, जग सारा वृंदावन धाम हो गया, आम बौराई रहा, सरसों भी फूल रहा, खेत खलिहान शृंगार हो गया, पिया के हाथ दुल्हन शृंगार कर रही, आज धूप धरती से प्यार कर रही, बल, सुंदरता के आगे बेकार हो गया, सृष्टि पे यौवन का वार हो गया, रात भी बसंती, प्रभात भी बसंती, बसंती पिया का दीदार हो गया, सोचा था फिर कभी प्यार ना करूँगा, पर 'अंजाना' बसंत पे निसार हो गया, एक बार फिर बसंत जवान हो गया।" अंजाना प्रेम ने अपनी इस कविता में बसंत की सुंदरता को शृंगार रस के साथ मिलाकर का बड़ा ही ख़ूबसूरत नज़ारा प्रस्तुत किया है। दोस्तों, इन दिनों आप 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर सुन रहे हैं इस रंगीले मौसम को और भी ज़्यादा रंगीन बनानेवाले कुछ रंगीले गीत इस 'गीत रंगीले' शृंखला के अंतर्गत। आज प्रस्तुत है राग बहार पर आधारित लता मंगेशकर की आवाज़ में फ़िल्म 'छाया' का गीत "छम छम नाचत आई बहार"। राजेन्द्र कृष्ण के लिखे इस गीत की तर्ज़ बनाई है सलिल चौधरी ने। १९६१ की यह फ़िल्म ऋषिकेश मुखर्जी की फ़िल्म थी जिसमें मुख्य कलाकार थे सुनिल...