Skip to main content

फिर वही शाम वही गम वही तन्हाई है...तलत की आवाज़ में डूबते शाम को तन्हा दिल से उठती टीस

ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 253

'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर इन दिनों आप सुन रहे हैं पहेली प्रतियोगिता के तीसरे विजेयता पूर्वी जी के अनुरोध पर एक के बाद एक कुल पाँच गानें। आज है उनके चुने हुए तीसरे गीत की बारी। कल का गीत था ख़ुशरंग, आज उसके ठीक विपरित, यानी कि एक ग़मज़दा नग़मा। है तो ग़मज़दा लेकिन उतना ही मक़बूल और मशहूर जितना कि कोई भी दूसरा ख़ुशनुमा हिट गीत। आज हम सुनने जा रहे हैं तलत महमूद की मख़मली आवाज़ में फ़िल्म 'जहाँ आरा' का गीत "फिर वही शाम वही ग़म वही तन्हाई है, दिल को समझाने तेरी याद चली आई है"। तलत साहब के गाए सब से ज़्यादा हिट गीतों की फ़ेहरिस्त में शुमार होता है इस गीत का। राजेन्द्र कृष्ण के असरदार बोल और मदन मोहन का अमर संगीत। यह अफ़सोस की ही बात है दोस्तों कि मदन मोहन के संगीत वाली फ़िल्में बॉक्स ऒफ़िस पर ज़्यादा कामयाब नहीं हुआ करती थी। लेकिन उन फ़िल्मों का संगीत कुछ ऐसा रूहानी होता था कि ये फ़िल्में केवल अपने गीत संगीत की वजह से ही लोगों के दिलों में हमेशा के लिए बस जाती थी। 'जहाँ आरा' भी एक ऐसी ही फ़िल्म थी। मैने यह कहीं पढ़ा है, पता नहीं सच है या ग़लत, कि 'जहाँ आरा' फ़िल्म कुछ इस क़दर फ़्लॊप हुई कि बहुत से सिनेमाघरों से इस फ़िल्म को उसी दिन उतार दिया गया जिस दिन यह फ़िल्म प्रदर्शित हुई थी। यानी कि यह फ़िल्म एक डिसास्टर रही निर्माता के लिए। लेकिन संगीत रसिकों के लिए यह एक यादगार फ़िल्म है जिसकी मिठास दिन-ब-दिन बढ़ती चली जा रही है।

'जहाँ आरा' फ़िल्म बनी थी सन् १९६४ में। और १९६४ में ही आई थी मदन मोहन के संगीत में सुपरहिट फ़िल्म 'वो कौन थी'। अब इन दो फ़िल्मों में एक समानता देखिए। 'जहाँ आरा' में लता-तलत का गाया युगल गीत "ऐ सनम आज ये क़सम खाएँ" की धुन 'वो कौन थी' में लता-महेन्द्र के गाए युगल गीत "छोड़ कर तेरे प्यार का दामन" से कहीं कहीं बहुत मिलता जुलता है। ख़ैर, 'जहाँ आरा' के निर्देशक थे विनोद कुमार। मुग़ल पृष्ठभूमी पर आधारित इस फ़िल्म की कहानी कुछ इस तरह की थी कि मिर्ज़ा युसूफ़ चंगेज़ी और जहाँ आरा बचपन के साथी थे। जवानी की दहलीज़ पर क़दम रखते ही दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया। जहाँ आरा के वालिद और कोई नहीं बल्कि बादशाह शाहजहाँ थे, जिन्होने जहाँ का किसी भी ग़ैर पुरुष से मिलने जुलने पर पाबंदी लगा रखी थी। लेकिन जहाँ और मिर्ज़ा छुप छुप कर मिलते रहे और एक दूसरे से शादी करने का इरादा भी कर बैठे। बदक़िस्मती से जब मुमताज़ महल की मौत हो गई तो शाहजहाँ ने उनकी याद में ताजमहल बनाने की क़सम खाई। मृत्यु शय्या पर मुमताज़ महल ने अपनी बेटी जहाँ आरा से यह वचन लिया था कि उनके बाद वो अपने वालिद का ख़याल रखेगी। ऐसे में जहाँ और मिर्ज़ा का मिलन असंभव था। क्या हुआ फिर दोनो के प्यार का, क्या वो एक दूजे से मिल पाए, यह थी 'जहाँ आरा' फ़िल्म की कहानी। शाहजहाँ के किरदार में पृथ्वीराज कपूर, जहाँ आरा के किरदार में माला सिन्हा और मिर्ज़ा युसूफ़ चंगेज़ी की भूमिका में थे भारत भूषण। जाहिर सी बात है आज यह प्रस्तुत गीत फ़िल्म की कहानी के उस मोड़ पर फ़िल्माया गया होगा जब मिर्ज़ा और जहाँ का एक दूसरे से मिलना जुलना बंद हो गया था। तभी तो शाम की तन्हाइयों ने मिर्ज़ा को घेर लिया था। राजेन्द्र कृष्ण साहब ने क्या ख़ूब लिखा है कि "दिल को समझाने तेरी याद चली आई है"। "याद चली आई है", "याद आ रही है", "याद तेरी आएगी" जैसे बोल तो बार बार लिखे जा चुके हैं, लेकिन "दिल को समझाने तेरी याद चली आई है" में कुछ और ही बात है! तो चलिए सुनते हैं।



और अब बूझिये ये पहेली. अंदाजा लगाइये कि हमारा अगला "ओल्ड इस गोल्ड" गीत कौन सा है. हम आपको देंगे तीन सूत्र उस गीत से जुड़े. ये परीक्षा है आपके फ़िल्म संगीत ज्ञान की. याद रहे सबसे पहले सही जवाब देने वाले विजेता को मिलेंगें 2 अंक और 25 सही जवाबों के बाद आपको मिलेगा मौका अपनी पसंद के 5 गीतों को पेश करने का ओल्ड इस गोल्ड पर सुजॉय के साथ. देखते हैं कौन बनेगा हमारा अगला (पहले तीन गेस्ट होस्ट बने हैं शरद तैलंग जी, स्वप्न मंजूषा जी और पूर्वी एस जी)"गेस्ट होस्ट".अगले गीत के लिए आपके तीन सूत्र ये हैं-

१. राग पहाडी पर आधारित है ये गीत.
२. शकील बदायुनीं है गीतकार.
३. एक अंतरा शुरू होता है इस शब्द से -"सितारे".

पिछली पहेली का परिणाम -

कमाल है इतने सूत्र देने के बाद भी कोई इस नायाब गीत की गुत्थी नहीं सुलझा पाया.....चलिए आज के लिए सबको शुभकामनाएँ

खोज और आलेख- सुजॉय चटर्जी



ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

Comments

manu said…
hnm ...

फिर भी एक तुका लगाते हैं...

सुहानी रात ढल गई..
ना जाने तुम कब आओगे,,,,?
purvi said…
बड़े लम्बे समय के बाद, यह गाना सुना हमने, बहुत बहुत धन्यवाद. हमें तलत महमूद के गाये कुछ और भी गीत पसंद हैं, और यह गाना भी उन selected songs में से एक है. फिल्म के इतनी बुरी तरह पिटने का किस्सा आज ही पता चला :)

मनु जी,
कभी कभी तुक्का भी तीर का काम कर जाता है. बधाई.

Popular posts from this blog

भला हुआ मेरी मटकी फूटी.. ज़िन्दगी से छूटने की ख़ुशी मना रहे हैं कबीर... साथ हैं गुलज़ार और आबिदा

महफ़िल-ए-ग़ज़ल #११३ सू फ़ियों-संतों के यहां मौत का तसव्वुर बडे खूबसूरत रूप लेता है| कभी नैहर छूट जाता है, कभी चोला बदल लेता है| जो मरता है ऊंचा ही उठता है, तरह तरह से अंत-आनन्द की बात करते हैं| कबीर के यहां, ये खयाल कुछ और करवटें भी लेता है, एक बे-तकल्लुफ़ी है मौत से, जो जिन्दगी से कहीं भी नहीं| माटी कहे कुम्हार से, तू क्या रोंदे मोहे । एक दिन ऐसा आयेगा, मैं रोदुंगी तोहे ॥ माटी का शरीर, माटी का बर्तन, नेकी कर भला कर, भर बरतन मे पाप पुण्य और सर पे ले| आईये हम भी साथ-साथ गुनगुनाएँ "भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे"..: भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे । मैं तो पनिया भरन से छूटी रे ॥ बुरा जो देखन मैं चला, बुरा ना मिलिया कोय । जो दिल खोजा आपणा, तो मुझसा बुरा ना कोय ॥ ये तो घर है प्रेम का, खाला का घर नांहि । सीस उतारे भुँई धरे, तब बैठे घर मांहि ॥ हमन है इश्क़ मस्ताना, हमन को हुशारी क्या । रहे आज़ाद या जग से, हमन दुनिया से यारी क्या ॥ कहना था सो कह दिया, अब कछु कहा ना जाये । एक गया सो जा रहा, दरिया लहर समाये ॥ लाली मेरे लाल की, जित देखूं तित लाल । लाली देखन मैं गयी, मैं भी हो गयी लाल ॥ हँस हँस कु...

"जाने कहाँ गए वो दिन...", कौन कौन से थे इस गीत के वो तीन अन्तरे जो जारी नहीं हुए?

एक गीत सौ कहानियाँ - 95 'जाने कहाँ गए वो दिन ...'   रेडियो प्लेबैक इण्डिया' के सभी श्रोता-पाठकों को सुजॉय चटर्जी का प्यार भरा नमस्कार। दोस्तों, हम रोज़ाना  रेडियो पर, टीवी पर, कम्प्यूटर पर, और न जाने कहाँ-कहाँ, जाने कितने ही गीत सुनते हैं, और गुनगुनाते हैं। ये फ़िल्मी नग़में हमारे साथी हैं सुख-दुख के, त्योहारों के, शादी और अन्य अवसरों के, जो हमारे जीवन से कुछ ऐसे जुड़े हैं कि इनके बिना हमारी ज़िन्दगी बड़ी ही सूनी और बेरंग होती। पर ऐसे कितने गीत होंगे जिनके बनने की कहानियों से, उनसे जुड़े दिलचस्प क़िस्सों से आप अवगत होंगे? बहुत कम, है न? कुछ जाने-पहचाने, और कुछ कमसुने फ़िल्मी गीतों की रचना प्रक्रिया, उनसे जुड़ी दिलचस्प बातें, और कभी-कभी तो आश्चर्य में डाल देने वाले तथ्यों की जानकारियों को समेटता है 'रेडियो प्लेबैक इण्डिया' का यह स्तम्भ 'एक गीत सौ कहानियाँ'।  इसकी 95-वीं कड़ी में आज जानिए 1970 की फ़िल्म ’मेरा नाम जोकर’ के मशहूर गीत "जाने कहाँ गए वो दिन..." के बारे में जिसे मुके...

छम छम नाचत आई बहार....एक ऐसा मधुर गीत जिसे सुनकर कोई भी झूम उठे

ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 366/2010/66 "ए क बार फिर बसंत जवान हो गया, जग सारा वृंदावन धाम हो गया, आम बौराई रहा, सरसों भी फूल रहा, खेत खलिहान शृंगार हो गया, पिया के हाथ दुल्हन शृंगार कर रही, आज धूप धरती से प्यार कर रही, बल, सुंदरता के आगे बेकार हो गया, सृष्टि पे यौवन का वार हो गया, रात भी बसंती, प्रभात भी बसंती, बसंती पिया का दीदार हो गया, सोचा था फिर कभी प्यार ना करूँगा, पर 'अंजाना' बसंत पे निसार हो गया, एक बार फिर बसंत जवान हो गया।" अंजाना प्रेम ने अपनी इस कविता में बसंत की सुंदरता को शृंगार रस के साथ मिलाकर का बड़ा ही ख़ूबसूरत नज़ारा प्रस्तुत किया है। दोस्तों, इन दिनों आप 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर सुन रहे हैं इस रंगीले मौसम को और भी ज़्यादा रंगीन बनानेवाले कुछ रंगीले गीत इस 'गीत रंगीले' शृंखला के अंतर्गत। आज प्रस्तुत है राग बहार पर आधारित लता मंगेशकर की आवाज़ में फ़िल्म 'छाया' का गीत "छम छम नाचत आई बहार"। राजेन्द्र कृष्ण के लिखे इस गीत की तर्ज़ बनाई है सलिल चौधरी ने। १९६१ की यह फ़िल्म ऋषिकेश मुखर्जी की फ़िल्म थी जिसमें मुख्य कलाकार थे सुनिल...