Skip to main content

एक चित का चोर जो गायक भी है, गीतकार भी और संगीतकार भी....- रविन्द्र जैन


हमने आपको सुनवाया था येसुदास का गाया रविन्द्र जैन का स्वरबद्ध किया एक अनमोल गीत. चलिए अब बात करते हैं एक बेहद अदभुत संगीत निर्देशक, गीतकार और गायक रंविन्द्र जैन की, जिन्हें फ़िल्म जगत प्यार से दादू के नाम से जानता है. स्वर्गीय के सी डे के बाद वो पहले संगीत सर्जक हैं जिन्होंने चक्षु बाधा पर विजय प्राप्त कर अपनी प्रतिभा को दक्षिण एशिया ही नही, वरन संसार भर में फैले समस्त भारतीय परिवारों तक बेहद सफलता के साथ पहुंचाया. दादू के संगीत में अलीगढ की सामासिक संस्कृति, बंगाल के माधुर्य और हिंदू जैन परम्परा का अदभुत मिश्रण है. २८ फरवरी १९४४ में जन्में रविन्द्र जैन की फिल्मी सफर शुरू हुआ १४ जनवरी १९७२ के दिन जब कोलकत्ता से मुंबई पहुंचे दादू ने फ़िल्म सेण्टर स्टूडियो में अपना पहला गाना रिकॉर्ड किया, गायक थे मोहम्मद रफी साहब. रफी साहब को जब ज्ञात हुआ की दादू अलीगढ से हैं तो उनसे ग़ज़ल सुनाने का आग्रह किया तो दादू ने पेश किया ये कलाम-
गम भी हैं न मुक्कमल, खुशियाँ भी हैं अधूरी,
आंसू भी आ रहे हैं, हंसना भी है जरूरी,
ग़ज़ल का मत्तला सुनते ही रफी साहब ने कहा की देखिये मास्टर जी, देखिये मेरे बाल खड़े हो गए...तब से दादू की हर रिकॉर्डिंग के बाद रफी साहब उसी ग़ज़ल को सुनाने की फरमाईश करते.
आगे बढ़ने से पहले क्यों न रफी साहब का गाया और दादू का स्वरबद्ध किया फ़िल्म "कांच और हीरा" का ये लाजवाब गीत -
"नज़र आती नही मंजिल...."



जिस फ़िल्म के लिए रफी साहब का गाया हुआ पहला गीत रिकॉर्ड किया, वह एक शायर की आत्मकथा थी, बाद में शायर की जगह चोर ने ले ली, और फ़िल्म का नाम हो गया "चोर मचाये शोर". चोर ने कुछ यूँ शोर मचाया की बेचारा शायर यह कहकर खामोश हो गया कि घुंघुरू की तरह बजता ही रहा हूँ मैं. गीत चूँकि सबको बहुत पसंद था तो फ़िल्म में उसकी सिचुएशन न होने पर भी उसे शामिल कर लिया गया. यह किशोर दा का पहला गाना था दादू के निर्देशन में. किशोर दा बड़े बड़े संगीतकारों को दाव दे जाते थे फ़िर रविन्द्र जैन तो एक नए नाम थे. सिप्पी साहब ने बंगाल की दुहाई देते हुए किशोर दा को फ़ोन किया "किशोरदा एक बार गाना सुन तो लो फ़िर निर्णय तुम्हारा है". जिस दिन स्टूडियो बुक था रिकॉर्डिंग के लिए उस दिन दादू का किशोर दा से संपर्क नही हो पा रहा था, तभी अचानक वहां किशोर दा अवतरित हो गए और बिना किसी औपचारिकता के सीधी आज्ञा दी कि "आगे गान सुनाओ". दादू अभी स्टूडियो पहुंचे ही थे, साजिंदों को आना था, गीत को संगीत से सजाना था. पर जैसे तैसे दादू ने किशोर दा को गीत सुनना शुरू किया पहली ही पंक्ति से किशोर दा उसे दोहराने लगे. दादू ने कहा "अभी तो समय लगेगा संगीत की ट्यूनिंग में." तब किशोर दा ने दादू की पीठ ठोंकी और कहा "तुम इत्मीनान से काम करो, मुझे कोई जल्दी नही है" शायद उन्हें भी कुछ ऐसा मिल गया था जिसे गाकर उन्हें बेहद आत्मसंतोष मिलने वाला था. तभी तो उन्होंने फ़ोन कर किसी अन्य संगीतकार की रिकॉर्डिंग कैंसल कर गाया फ़िल्म "चोर मचाये शोर" का वो अमर गीत. सुनते हैं -



किशोर दा ने उनके संगीत निर्देशन में एक और गजब का गीत गाया फ़िल्म "तपस्या" के लिए -"जो राह चुनी तूने, उसी राह पे राही चलते जाना रे". मन्ना डे का भी साथ मिला दादू को जब उन्होंने फ़िल्म सौदागर के लिए "दूर है किनारा" गीत गाया. राजश्री फ़िल्म के साथ उनका गठ बंधन बेहद कामियाब रहा. फ़िल्म सौदागर में लता जी ने गाया "तेरा मेरा साथ रहे..." तो वहीँ इसी फ़िल्म का एक और गीत था जिसे आशा ने बहुत खूबसूरत अंदाज़ में गाया. गीत अपनी आलंकारिक भाषा के लिए प्रसिद्ध हुआ- जिसमें एक शब्द के दो अर्थ थे- "सजना है मुझे सजना के लिए...". क्या हम कल्पना कर सकते हैं किसी और के स्वर में इस गीत की...सुनिए -



फ़िल्म "चोर मचाये शोर", "सौदागर" और "दो जासूस" के बाद दादू का सिक्का संगीत जगत में चल निकला. "चितचोर" के मधुर गीतों ने सब के चित चुरा लिए तो "फकीरा" और "दुल्हन वही जो पिया मन भाये" जैसी फिल्मों के संगीत ने उन्हें खासी ख्याति दी.

फिर दादू को साथ मिला राजकपूर का जिसका जिक्र पढ़िए-सुनिए अगले अंक में।

Comments

Popular posts from this blog

भला हुआ मेरी मटकी फूटी.. ज़िन्दगी से छूटने की ख़ुशी मना रहे हैं कबीर... साथ हैं गुलज़ार और आबिदा

महफ़िल-ए-ग़ज़ल #११३ सू फ़ियों-संतों के यहां मौत का तसव्वुर बडे खूबसूरत रूप लेता है| कभी नैहर छूट जाता है, कभी चोला बदल लेता है| जो मरता है ऊंचा ही उठता है, तरह तरह से अंत-आनन्द की बात करते हैं| कबीर के यहां, ये खयाल कुछ और करवटें भी लेता है, एक बे-तकल्लुफ़ी है मौत से, जो जिन्दगी से कहीं भी नहीं| माटी कहे कुम्हार से, तू क्या रोंदे मोहे । एक दिन ऐसा आयेगा, मैं रोदुंगी तोहे ॥ माटी का शरीर, माटी का बर्तन, नेकी कर भला कर, भर बरतन मे पाप पुण्य और सर पे ले| आईये हम भी साथ-साथ गुनगुनाएँ "भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे"..: भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे । मैं तो पनिया भरन से छूटी रे ॥ बुरा जो देखन मैं चला, बुरा ना मिलिया कोय । जो दिल खोजा आपणा, तो मुझसा बुरा ना कोय ॥ ये तो घर है प्रेम का, खाला का घर नांहि । सीस उतारे भुँई धरे, तब बैठे घर मांहि ॥ हमन है इश्क़ मस्ताना, हमन को हुशारी क्या । रहे आज़ाद या जग से, हमन दुनिया से यारी क्या ॥ कहना था सो कह दिया, अब कछु कहा ना जाये । एक गया सो जा रहा, दरिया लहर समाये ॥ लाली मेरे लाल की, जित देखूं तित लाल । लाली देखन मैं गयी, मैं भी हो गयी लाल ॥ हँस हँस कु...

‘बरसन लागी बदरिया रूमझूम के...’ : SWARGOSHTHI – 180 : KAJARI

स्वरगोष्ठी – 180 में आज वर्षा ऋतु के राग और रंग – 6 : कजरी गीतों का उपशास्त्रीय रूप   उपशास्त्रीय रंग में रँगी कजरी - ‘घिर आई है कारी बदरिया, राधे बिन लागे न मोरा जिया...’ ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ के मंच पर जारी लघु श्रृंखला ‘वर्षा ऋतु के राग और रंग’ की छठी कड़ी में मैं कृष्णमोहन मिश्र एक बार पुनः आप सभी संगीतानुरागियों का हार्दिक स्वागत और अभिनन्दन करता हूँ। इस श्रृंखला के अन्तर्गत हम वर्षा ऋतु के राग, रस और गन्ध से पगे गीत-संगीत का आनन्द प्राप्त कर रहे हैं। हम आपसे वर्षा ऋतु में गाये-बजाए जाने वाले गीत, संगीत, रागों और उनमें निबद्ध कुछ चुनी हुई रचनाओं का रसास्वादन कर रहे हैं। इसके साथ ही सम्बन्धित राग और धुन के आधार पर रचे गए फिल्मी गीत भी सुन रहे हैं। पावस ऋतु के परिवेश की सार्थक अनुभूति कराने में जहाँ मल्हार अंग के राग समर्थ हैं, वहीं लोक संगीत की रसपूर्ण विधा कजरी अथवा कजली भी पूर्ण समर्थ होती है। इस श्रृंखला की पिछली कड़ियों में हम आपसे मल्हार अंग के कुछ रागों पर चर्चा कर चुके हैं। आज के अंक से हम वर्षा ऋतु...

राग चन्द्रकौंस : SWARGOSHTHI – 358 : RAG CHANDRAKAUNS

स्वरगोष्ठी – 358 में आज पाँच स्वर के राग – 6 : “सन सनन सनन जा री ओ पवन…” प्रभा अत्रे से राग चन्द्रकौंस की बन्दिश और लता मंगेशकर से फिल्म का गीत सुनिए डॉ. प्रभा अत्रे लता मंगेशकर ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ के मंच पर जारी हमारी श्रृंखला – “पाँच स्वर के राग” की छठी कड़ी में मैं कृष्णमोहन मिश्र आप सब संगीत-प्रेमियों का हार्दिक अभिनन्दन करता हूँ। इस श्रृंखला में हम आपसे भारतीय संगीत के कुछ ऐसे रागों पर चर्चा कर रहे हैं, जिनमें केवल पाँच स्वरों का प्रयोग होता है। भारतीय संगीत में रागों के गायन अथवा वादन की प्राचीन परम्परा है। संगीत के सिद्धान्तों के अनुसार राग की रचना स्वरों पर आधारित होती है। विद्वानों ने बाईस श्रुतियों में से सात शुद्ध अथवा प्राकृत स्वर, चार कोमल स्वर और एक तीव्र स्वर; अर्थात कुल बारह स्वरो में से कुछ स्वरों को संयोजित कर रागों की रचना की है। सात शुद्ध स्वर हैं; षडज, ऋषभ, गान्धार, मध्यम, पंचम, धैवत और निषाद। इन स्वरों में से षडज और पंचम अचल स्वर माने जाते हैं। शेष में से ऋषभ, गान्धार, धैवत और निषाद स...