Skip to main content

मैंने देखी पहली फिल्म : अनुराग शर्मा की यादों से झांकती दो फ़िल्में



मैंने देखी पहली फ़िल्म : अनुराग शर्मा 

भारतीय सिनेमा के शताब्दी वर्ष में ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ द्वारा आयोजित विशेष अनुष्ठान में प्रत्येक गुरुवार को हम आपके लिए सिनेमा के इतिहास पर विविध सामग्री प्रस्तुत कर रहे हैं। माह के दूसरे और चौथे गुरुवार को आपके संस्मरणों पर आधारित ‘मैंने देखी पहली फिल्म’ स्तम्भ का प्रकाशन करते हैं। आज माह का चौथा गुरुवार है, इसलिए आज हम प्रस्तुत कर रहे हैं, गैर-प्रतियोगी संस्मरण। आज का यह संस्मरण, रेडियो प्लेबैक इण्डिया के संचालक-मण्डल के सदस्य अनुराग शर्मा का है।


‘गीत’ के गीत में फूलों की सुगन्ध है तो ‘पुष्पांजलि’ के गीत में राधा के लिए कृष्ण की व्यग्रता

मेरी आयु चार-पाँच वर्ष की थी जब हम लोग जम्मू के तालाब तिल्लो के एक नये बन रहे इलाक़े में किराये पर रहने आये थे। दिन में स्कूल जाना और शाम को अपने मित्रों के साथ तरह-तरह के खेल खेलना। आस-पास नहरें, खड्डों, पत्थरों और जंगली झाड़ियों की भरमार थी। जल्दी ही मैं आक और लेंटाना के पौधों को पहचानने लगा। छोटे-छोटे लाल बेर हम बच्चों के पसन्दीदा थे, जिन्हें डोगरी में गरने कहा जाता था। हमसे कुछ बड़ी लड़कियाँ शाम को जगमगाते जुगनुओं को अपनी चुन्नी में सम्हालकर ऐसे लपेट लेती थीं कि वे सुरक्षित रहते हुए उन्हें प्रकाशित करते रहें।

शाम को रेडियो पर "रेडियो कश्मीर-जम्मू की आवाज़" सुनते थे। मुंशी अंकल और निक्की की बातचीत सुनकर मज़ा आता था। कभी कभार सुबह को कुन्दनलाल सहगल और रात में हवामहल सुनना भी याद है। रविवार को रेडियो पर किसी हिन्दी फ़िल्म का ऑडियो सुनाया जाता था जिसे सभी बड़े ध्यान से सुनते थे और कई बार हम लोग भी। मुकेश के स्वर में "सावन का महीना" उन गीतों में से एक है जिनकी यादें सबसे पुरानी हैं।

जम्मू से पहले की छिटपुट यादें रामपुर, बदायूँ और बरेली की हैं लेकिन जम्मू के दृश्य लम्बे और अधिक स्पष्ट हैं। रामपुर में घर के बाहर शाम को एक पुलिया पर अपने मित्रों के साथ बैठकर एक सुर में "बम बम भोले" कहने की याद तो है लेकिन मित्रों के नाम नहीं याद। जबकि जम्मू की यादों में पात्रों के चेहरे-मोहरे और व्यक्तित्व के साथ उनके नाम भी अधिकांशतः स्पष्ट हैं। तब से अब तक अनगिनत फ़िल्में देखी होंगी, न जाने कितनी भाषाओं में। लेकिन पीछे जाकर देखता हूँ तो सबसे पहले जम्मू में देखी दो फ़िल्मों के बहुत से सुन्दर दृश्य और गीत याद आते हैं। पहाड़ी नगरी जम्मू में देखी ये दोनों हिन्दी फ़िल्में मैंने अपने माता-पिता के साथ शायद कुछ ही दिनों के अंतराल में देखी थीं। एक फ़िल्म का तो नाम ही "गीत" था। शायद तब उम्र की कमी के कारण या तब से इतना समय ग़ुज़र जाने के कारण फ़िल्म की कथा तो पूरी तरह याद नहीं लेकिन कई गीत और दृश्य अब भी दिल में जगह बनाकर डटे हुए हैं। पहला फ़िल्मी दृश्य जो मुझे अभी भी अच्छी तरह याद है, वह है "आजा तुझको पुकारें मेरे गीत रे..." गीत का दृश्य। ऐसा लगता है कि जब हम हाल में घुसे थे तो फ़िल्म शुरू हो चुकी थी और यह गीत चल रहा था। आइये, एक पल रुककर सुनें यह मधुर गीत-

फिल्म – गीत : ‘आजा तुझको पुकारे मेरे गीत...’ : मुहम्मद रफी


बचपन की दूसरी फ़िल्म थी "पुष्पांजलि"। ठीक से नहीं कह सकता कि ‘गीत’ और ‘पुष्पांजलि’ में से पहले कौन सी फ़िल्म देखी थी। जहाँ ‘गीत’ के जितने भी गीत या दृश्य याद हैं, वे सब हरियाली, सुन्दर फूलों व प्रसन्न करने वाले संगीत में ढले हैं वहीं ‘पुष्पांजलि’ का गीत "दुनिया से जाने वाले जाने चले जाते हैं कहाँ..." सुनते समय आज भी किसी प्रिय के खो जाने की भावना का अनुभव होता है। जीवन में पहली बार शायद इसी फ़िल्म को देखकर मुझे मृत्यु के शाश्वत सत्य का अहसास हुआ था। लगभग उन्हीं दिनों अपनी ही उम्र के उस छोटे से लड़के को देखा जो अपने घर के बाहर खड़ा होकर हर आने-जाने वाले हमउम्र से डोगरी में कहता था, "तेरा भाई मर गया।" पूछताछ करने पर पता लगा कि कुछ दिन पहले ही उसका भाई पास की नहर में बह गया था और फिर उसकी लाश ही वापस आई। कुछ दिन बाद मैं भी उसी नहर में बहते समय अपने मकान मालिक के किशोर पुत्र व उनके साथियों द्वारा बचा लिया गया था। मृत्यु की इन हाड़-कँपाती यादों के बीच देखी गयी इन दो फ़िल्मों का न केवल याद रहना बल्कि मेरे जीवन का अभिन्न अंग बन जाना, अब स्वाभाविक सा ही लगता है। मन्ना डे के मधुर स्वर और लक्ष्मीकांत प्यारेलाल के मधुर संगीत में ढला इसी फ़िल्म का एक अन्य गीत "शाम ढले यमुना किनारे ..." दशकों बाद आज भी मन में बसा हुआ है।

फिल्म – पुष्पांजलि : ‘शाम ढले यमुना किनारे...’ : मन्ना डे और लता मंगेशकर


उसके बाद देखी हुई फ़िल्मों में भुवन शोम, त्रिकाल, चौदहवीं का चाँद, कागज़ के फूल, उमराव जान (पुरानी), जुनून, विजेता और इनके अलावा अनेक फ़िल्में याद हैं मगर इन दो की बात ही कुछ और है।

आपको अनुराग जी की देखी पहली फिल्म का संस्मरण कैसा लगा? हमें अवश्य लिखिएगा। आप अपनी प्रतिक्रिया radioplaybackindia@live.com पर भेज सकते हैं। आप भी हमारे इस आयोजन- ‘मैंने देखी पहली फिल्म’ में भाग ले सकते हैं। आपका संस्मरण हम रेडियो प्लेबैक इण्डिया के इस अनुष्ठान में सम्मिलित तो करेंगे ही, यदि हमारे निर्णायकों को पसन्द आया तो हम आपको पुरस्कृत भी करेंगे। आज ही अपना आलेख और एक चित्र हमे radioplaybackindia@live.com पर मेल करें। जिन्होने आलेख पहले भेजा है, उन प्रतिभागियों से अनुरोध है कि अपना एक चित्र भी भेज दें।

प्रस्तुति : कृष्णमोहन मिश्र

 
'मैंने देखी पहली फिल्म' : आपके लिए एक रोचक प्रतियोगिता


दोस्तों, भारतीय सिनेमा अपने उदगम के 100 वर्ष पूरा करने जा रहा है। फ़िल्में हमारे जीवन में बेहद खास महत्त्व रखती हैं, शायद ही हम में से कोई अपनी पहली देखी हुई फिल्म को भूल सकता है। वो पहली बार थियेटर जाना, वो संगी-साथी, वो सुरीले लम्हें। आपकी इन्हीं सब यादों को हम समेटेगें एक प्रतियोगिता के माध्यम से। 100 से 500 शब्दों में लिख भेजिए अपनी पहली देखी फिल्म का अनुभव radioplaybackindia@live.com पर। मेल के शीर्षक में लिखियेगा ‘मैंने देखी पहली फिल्म’। सर्वश्रेष्ठ तीन आलेखों को 500 रूपए मूल्य की पुस्तकें पुरस्कारस्वरुप प्रदान की जायेगीं। तो देर किस बात की, यादों की खिड़कियों को खोलिए, कीबोर्ड पर उँगलियाँ जमाइए और लिख डालिए अपनी देखी हुई पहली फिल्म का दिलचस्प अनुभव। प्रतियोगिता में आलेख भेजने की अन्तिम तिथि 31अक्टूबर, 2012 है।




Comments

Rajesh Kumari said…
वाह आज तो सुबह सुबह अपनी पसंद के गाने सुनकर मजा आ गया दोनों ही पिक्चर मैंने भी देखी थी अनुराग जी का संस्मरण बहुत अच्छा लगा और दोनों गीतों का तो जबाब ही नहीं
अत्यंत रोचक...भाषा का प्रवाह गतिमय...शब्दचयन उत्तम...और गीत तो कर्णप्रिय हैं ही!!! दोनों ही फ़िल्में 1970 में बनी थीं, हालांकि कानूनी पचड़ों में फंस चुकी 'पुष्पांजलि' बहुत मुश्क़िलों के बाद और वो भी गिनी-चुनी जगहों पर ही प्रदर्शित हो पायी थी। 'हरे कांच की चूड़ियां' से अभिनय की दुनिया में क़दम रखने वालीं, किशोर साहू की बेटी नयना साहू की ये दूसरी और अंतिम फ़िल्म साबित हुई !!!
rashmi ravija said…
बहुत ही खूबसूरती से लिखा संस्मरण...बचपन की ये यादें मानसपटल पर इस तरह अंकित होती हैं कि कभी धुंधली भी नहीं पड़तीं.
Smart Indian said…
राजेश जी, रश्मि जी, शिशिर जी, आप तीनों का आभार! शिशिर जी, यह सब जानकारी तो मुझे बिल्कुल नहीं थी, किसी दिन शायद डीवीडी पर ये दोनों फ़िल्में एक बार फिर देखूंगा, धन्यवाद।

Popular posts from this blog

भला हुआ मेरी मटकी फूटी.. ज़िन्दगी से छूटने की ख़ुशी मना रहे हैं कबीर... साथ हैं गुलज़ार और आबिदा

महफ़िल-ए-ग़ज़ल #११३ सू फ़ियों-संतों के यहां मौत का तसव्वुर बडे खूबसूरत रूप लेता है| कभी नैहर छूट जाता है, कभी चोला बदल लेता है| जो मरता है ऊंचा ही उठता है, तरह तरह से अंत-आनन्द की बात करते हैं| कबीर के यहां, ये खयाल कुछ और करवटें भी लेता है, एक बे-तकल्लुफ़ी है मौत से, जो जिन्दगी से कहीं भी नहीं| माटी कहे कुम्हार से, तू क्या रोंदे मोहे । एक दिन ऐसा आयेगा, मैं रोदुंगी तोहे ॥ माटी का शरीर, माटी का बर्तन, नेकी कर भला कर, भर बरतन मे पाप पुण्य और सर पे ले| आईये हम भी साथ-साथ गुनगुनाएँ "भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे"..: भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे । मैं तो पनिया भरन से छूटी रे ॥ बुरा जो देखन मैं चला, बुरा ना मिलिया कोय । जो दिल खोजा आपणा, तो मुझसा बुरा ना कोय ॥ ये तो घर है प्रेम का, खाला का घर नांहि । सीस उतारे भुँई धरे, तब बैठे घर मांहि ॥ हमन है इश्क़ मस्ताना, हमन को हुशारी क्या । रहे आज़ाद या जग से, हमन दुनिया से यारी क्या ॥ कहना था सो कह दिया, अब कछु कहा ना जाये । एक गया सो जा रहा, दरिया लहर समाये ॥ लाली मेरे लाल की, जित देखूं तित लाल । लाली देखन मैं गयी, मैं भी हो गयी लाल ॥ हँस हँस कु...

‘बरसन लागी बदरिया रूमझूम के...’ : SWARGOSHTHI – 180 : KAJARI

स्वरगोष्ठी – 180 में आज वर्षा ऋतु के राग और रंग – 6 : कजरी गीतों का उपशास्त्रीय रूप   उपशास्त्रीय रंग में रँगी कजरी - ‘घिर आई है कारी बदरिया, राधे बिन लागे न मोरा जिया...’ ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ के मंच पर जारी लघु श्रृंखला ‘वर्षा ऋतु के राग और रंग’ की छठी कड़ी में मैं कृष्णमोहन मिश्र एक बार पुनः आप सभी संगीतानुरागियों का हार्दिक स्वागत और अभिनन्दन करता हूँ। इस श्रृंखला के अन्तर्गत हम वर्षा ऋतु के राग, रस और गन्ध से पगे गीत-संगीत का आनन्द प्राप्त कर रहे हैं। हम आपसे वर्षा ऋतु में गाये-बजाए जाने वाले गीत, संगीत, रागों और उनमें निबद्ध कुछ चुनी हुई रचनाओं का रसास्वादन कर रहे हैं। इसके साथ ही सम्बन्धित राग और धुन के आधार पर रचे गए फिल्मी गीत भी सुन रहे हैं। पावस ऋतु के परिवेश की सार्थक अनुभूति कराने में जहाँ मल्हार अंग के राग समर्थ हैं, वहीं लोक संगीत की रसपूर्ण विधा कजरी अथवा कजली भी पूर्ण समर्थ होती है। इस श्रृंखला की पिछली कड़ियों में हम आपसे मल्हार अंग के कुछ रागों पर चर्चा कर चुके हैं। आज के अंक से हम वर्षा ऋतु...

"जाने कहाँ गए वो दिन...", कौन कौन से थे इस गीत के वो तीन अन्तरे जो जारी नहीं हुए?

एक गीत सौ कहानियाँ - 95 'जाने कहाँ गए वो दिन ...'   रेडियो प्लेबैक इण्डिया' के सभी श्रोता-पाठकों को सुजॉय चटर्जी का प्यार भरा नमस्कार। दोस्तों, हम रोज़ाना  रेडियो पर, टीवी पर, कम्प्यूटर पर, और न जाने कहाँ-कहाँ, जाने कितने ही गीत सुनते हैं, और गुनगुनाते हैं। ये फ़िल्मी नग़में हमारे साथी हैं सुख-दुख के, त्योहारों के, शादी और अन्य अवसरों के, जो हमारे जीवन से कुछ ऐसे जुड़े हैं कि इनके बिना हमारी ज़िन्दगी बड़ी ही सूनी और बेरंग होती। पर ऐसे कितने गीत होंगे जिनके बनने की कहानियों से, उनसे जुड़े दिलचस्प क़िस्सों से आप अवगत होंगे? बहुत कम, है न? कुछ जाने-पहचाने, और कुछ कमसुने फ़िल्मी गीतों की रचना प्रक्रिया, उनसे जुड़ी दिलचस्प बातें, और कभी-कभी तो आश्चर्य में डाल देने वाले तथ्यों की जानकारियों को समेटता है 'रेडियो प्लेबैक इण्डिया' का यह स्तम्भ 'एक गीत सौ कहानियाँ'।  इसकी 95-वीं कड़ी में आज जानिए 1970 की फ़िल्म ’मेरा नाम जोकर’ के मशहूर गीत "जाने कहाँ गए वो दिन..." के बारे में जिसे मुके...