Skip to main content

रिमझिम के गीत सावन गाये....एल पी के संगीत में जब सुर मिले रफ़ी साहब और लता जी के तो सावन का मज़ा दूना हो गया

ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 439/2010/139

रिमझिम के तरानों पर सवार होकर हम आज पहुंचे हैं इस भीगी भीगी शृंखला की अंतिम कड़ी पर। 'रिमझिम के तराने' में आज प्रस्तुत है संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत प्यारेलाल की एक बेहतरीन रचना की। एल.पी ने सावन के कई हिट गीत हमें दिए हैं, जैसे कि "आया सावन झूम के", "कुछ कहता है यह सावन", "झिलमिल सितारों का आँगन होगा", और आज का प्रस्तुत गीत "रिमझिम के गीत सावन गाए हाए भीगी भीगी रातों में"। यह १९६९ की फ़िल्म 'अनजाना' का गीत है। बताना ज़रूरी है कि यह वही साल था जिस साल 'आराधना' में "रूप तेरा मस्ताना प्यार मेरा दीवाना" जैसा सेन्सुअस गीत आया था जो एक नया प्रयोग था। उसके बाद से तो जैसे एक ट्रेण्ड सा ही बन गया कि बारिश से बचने के लिए हीरो और हीरोइन किसी सुनसान और खाली पड़े मकान में शरण लेते हैं, और वहाँ पर बारिश को सलाम करते हुए एक रोमांटिक गीत गाते हैं। तो एक तरह से इसे "रूप तेरा मस्ताना" जौनर भी कह सकते हैं। लता-रफ़ी की आवाज़ में फ़िल्म 'अनजाना' का यह गीत बेहद ख़ूबसूरत है हर लिहाज़ से। बोल जितने अच्छे हैं, संगीत भी उतना ही सुरीला। राजेन्द्र कुमार और बबिता पर फ़िल्माया गया यह गीत भी सेन्सुअस है जो भीगी भीगी रात में एक आग सी लगा देती है मन में। "मेरा दिल भी है दीवाना, तेरे नैना भी हैं नादान से, कुछ ना सोचा कुछ ना देखा, कुछ भी पूछा ना इस अनजान से, चल पड़े साथ हम कैसे, ऐसे बनके साथी राहों में, के रिमझिम के गीत सावन गाए हाए भीगी भीगी रातों में"।

दोस्तों, आज इस लघु शृंखला 'रिमझिम के तराने' की अंतिम कड़ी है। तो क्यों ना आज भी कुछ शायराना बातें हो जाए सावन पर। तो अर्ज़ किया है...

सावन की पहली बारिश में बचपन में नहाना याद है,
रिमझिम रिमझिम टप टप टप टप बारिश का गाना याद है।
वो बादलों के मजमे को देख कर वो हम सब का शोर मचाना,
वो भीग भीग कर नाच नाचना बन कर दीवाना याद है।
बादलों का गरजना बिजली का चमकना सावन की बरसात में,
कोयल का मीठा मीठा प्यारा प्यारा सुंदर तराना याद है।
मस्ती मे डूब जाना सब बंदिशें भूल ख़ुशियाँ मनाना,
ज़मीन पे गिरे पानी में सब दोस्तों को भीगाना याद है।
बारिश के पानी को चखना मौसम की पहली बरसात में,
सावन की पहली बारिश में बचपन में नहाना याद है।

दोस्तों, हम यह पता तो नहीं लगा पाए कि यह किसने लिखा है, लेकिन वाक़ई बचपन का वह ज़माना याद आ दिला दिया इन अल्फ़ाज़ों ने। उम्मीद है आपको भी अपने बचपन के बारिश के दिन याद आ गए होंगे, वो काग़ज़ की कश्तियाँ, वो बारिश का पानी! 'रिमझिम के तराने' शृंखला तो हो गई पूरी, लेकिन सावन का महीना जारी है, और इस रूमानीयत भरे भीगे मौसम में हमारी तरफ़ से आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ। सावन का आनंद लीजिए, हम 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर एक नई शृंखला के साथ फिर वापस आएँगे रविवार की शाम। तब तक के लिए अलविदा, लेकिन आप बने रहिए 'आवाज़' के साथ। धन्यवाद!



क्या आप जानते हैं...
कि लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ऐसे पहले संगीतकार बने जिन्होने लगातार चार साल (१९७८ से १९८१) सर्वश्रेष्ठ संगीतकार का फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार जीता (अमर अकबर ऐंथनी, सत्यम शिवन सुंदरम, सरगम, कर्ज़)। इस कड़ी को तोड़ा ख़य्याम साहब ने १९८२ में फ़िल्म 'उमरावजान' के ज़रिए।

पहेली प्रतियोगिता- अंदाज़ा लगाइए कि कल 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर कौन सा गीत बजेगा निम्नलिखित चार सूत्रों के ज़रिए। लेकिन याद रहे एक आई डी से आप केवल एक ही प्रश्न का उत्तर दे सकते हैं। जिस श्रोता के सबसे पहले १०० अंक पूरे होंगें उस के लिए होगा एक खास तोहफा :)

१. डीन मार्टिन के एक अंग्रेजी गीत की धुन से प्रेरित है ये गीत, संगीतकार बताएं - ३ अंक.
२. नूतन ने सहयोग दिया है इस गीत में मूल गायक का, कौन हैं जिनकी आवाज़ ने इस गीत को एक अलग मुकाम दे दिया है- २ अंक.
३. फिल्म का नाम बताएं - २ अंक.
४. इस फिल्म के जरिये किस अभिनेत्री को लॉन्च किया गया था फिल्मों में - १ अंक

पिछली पहेली का परिणाम -
इस सप्ताहांत भी शरद जी ने बढ़त बरकरार रखी है, आप हैं ५६ पर, अवध जी ४९ पर और इंदु जी हैं जरा पीछे २३ पर. वीकेंड का आनंद लीजिए. फिर मिलेंगें चलते चलते :)

खोज व आलेख- सुजॉय चटर्जी


ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

Comments

Music Director : Snehal Bhatkar
AVADH said…
पक्का तो नहीं पर एक अंदाज़ लगा रहा हूँ, शायद सह गायिका हैं: सुधा मल्होत्रा.
अवध लाल
AVADH said…
आपके clue को फिर ध्यान से पढ़ा तो उसमें आपने कहा है कि नूतन ने साथ दिया था एक मूल गायक का याने male singer का न कि किसी गायिका का . अतः उत्तर न तो सुधा मल्होत्रा हो सकता है न ही गीता दत्त जी का.
इसलिए मैं अपना पहला उत्तर निरस्त करने की विनती करता हूँ.
अब फिल्म के नाम पर तुक्का लगाता हूँ: "छबीली".
अवध लाल
नूतन ने गीता दत्त जी के साथ गाना गाया तो है इस फिल्म में..फिल्म छबीली एकदम सही है.
स्नेहल भाटकर और नूतन का साथ 'हमारी बेटी,छबीली में भी रहा'ओ माय डार्लिंग' गाना उन्होंने महेंद्र कपूर के साथ गया था,अब इसमें सावन की झलक है या नही,नही मालूम.
क्योंकि हेमंत कुमार जि के साथ गए गाने में तो बारिश की एक बूँद को याद तक नही किया गया है ,अब फैसला आप करे.मेल सिंगर तो दो ये ही मिले अपुन कपूरजी के साथ.
Anonymous said…
Music Director: Kalyanji-Anandji
Film: Yaadgar
Singer: Mahendra Kapoor/Manhar Udhas/Sunder/Mehmood Jr
Actress: Laxmi Chhaya

Kish...Ottawa,Canada

Popular posts from this blog

भला हुआ मेरी मटकी फूटी.. ज़िन्दगी से छूटने की ख़ुशी मना रहे हैं कबीर... साथ हैं गुलज़ार और आबिदा

महफ़िल-ए-ग़ज़ल #११३ सू फ़ियों-संतों के यहां मौत का तसव्वुर बडे खूबसूरत रूप लेता है| कभी नैहर छूट जाता है, कभी चोला बदल लेता है| जो मरता है ऊंचा ही उठता है, तरह तरह से अंत-आनन्द की बात करते हैं| कबीर के यहां, ये खयाल कुछ और करवटें भी लेता है, एक बे-तकल्लुफ़ी है मौत से, जो जिन्दगी से कहीं भी नहीं| माटी कहे कुम्हार से, तू क्या रोंदे मोहे । एक दिन ऐसा आयेगा, मैं रोदुंगी तोहे ॥ माटी का शरीर, माटी का बर्तन, नेकी कर भला कर, भर बरतन मे पाप पुण्य और सर पे ले| आईये हम भी साथ-साथ गुनगुनाएँ "भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे"..: भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे । मैं तो पनिया भरन से छूटी रे ॥ बुरा जो देखन मैं चला, बुरा ना मिलिया कोय । जो दिल खोजा आपणा, तो मुझसा बुरा ना कोय ॥ ये तो घर है प्रेम का, खाला का घर नांहि । सीस उतारे भुँई धरे, तब बैठे घर मांहि ॥ हमन है इश्क़ मस्ताना, हमन को हुशारी क्या । रहे आज़ाद या जग से, हमन दुनिया से यारी क्या ॥ कहना था सो कह दिया, अब कछु कहा ना जाये । एक गया सो जा रहा, दरिया लहर समाये ॥ लाली मेरे लाल की, जित देखूं तित लाल । लाली देखन मैं गयी, मैं भी हो गयी लाल ॥ हँस हँस कु...

"जाने कहाँ गए वो दिन...", कौन कौन से थे इस गीत के वो तीन अन्तरे जो जारी नहीं हुए?

एक गीत सौ कहानियाँ - 95 'जाने कहाँ गए वो दिन ...'   रेडियो प्लेबैक इण्डिया' के सभी श्रोता-पाठकों को सुजॉय चटर्जी का प्यार भरा नमस्कार। दोस्तों, हम रोज़ाना  रेडियो पर, टीवी पर, कम्प्यूटर पर, और न जाने कहाँ-कहाँ, जाने कितने ही गीत सुनते हैं, और गुनगुनाते हैं। ये फ़िल्मी नग़में हमारे साथी हैं सुख-दुख के, त्योहारों के, शादी और अन्य अवसरों के, जो हमारे जीवन से कुछ ऐसे जुड़े हैं कि इनके बिना हमारी ज़िन्दगी बड़ी ही सूनी और बेरंग होती। पर ऐसे कितने गीत होंगे जिनके बनने की कहानियों से, उनसे जुड़े दिलचस्प क़िस्सों से आप अवगत होंगे? बहुत कम, है न? कुछ जाने-पहचाने, और कुछ कमसुने फ़िल्मी गीतों की रचना प्रक्रिया, उनसे जुड़ी दिलचस्प बातें, और कभी-कभी तो आश्चर्य में डाल देने वाले तथ्यों की जानकारियों को समेटता है 'रेडियो प्लेबैक इण्डिया' का यह स्तम्भ 'एक गीत सौ कहानियाँ'।  इसकी 95-वीं कड़ी में आज जानिए 1970 की फ़िल्म ’मेरा नाम जोकर’ के मशहूर गीत "जाने कहाँ गए वो दिन..." के बारे में जिसे मुके...

छम छम नाचत आई बहार....एक ऐसा मधुर गीत जिसे सुनकर कोई भी झूम उठे

ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 366/2010/66 "ए क बार फिर बसंत जवान हो गया, जग सारा वृंदावन धाम हो गया, आम बौराई रहा, सरसों भी फूल रहा, खेत खलिहान शृंगार हो गया, पिया के हाथ दुल्हन शृंगार कर रही, आज धूप धरती से प्यार कर रही, बल, सुंदरता के आगे बेकार हो गया, सृष्टि पे यौवन का वार हो गया, रात भी बसंती, प्रभात भी बसंती, बसंती पिया का दीदार हो गया, सोचा था फिर कभी प्यार ना करूँगा, पर 'अंजाना' बसंत पे निसार हो गया, एक बार फिर बसंत जवान हो गया।" अंजाना प्रेम ने अपनी इस कविता में बसंत की सुंदरता को शृंगार रस के साथ मिलाकर का बड़ा ही ख़ूबसूरत नज़ारा प्रस्तुत किया है। दोस्तों, इन दिनों आप 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर सुन रहे हैं इस रंगीले मौसम को और भी ज़्यादा रंगीन बनानेवाले कुछ रंगीले गीत इस 'गीत रंगीले' शृंखला के अंतर्गत। आज प्रस्तुत है राग बहार पर आधारित लता मंगेशकर की आवाज़ में फ़िल्म 'छाया' का गीत "छम छम नाचत आई बहार"। राजेन्द्र कृष्ण के लिखे इस गीत की तर्ज़ बनाई है सलिल चौधरी ने। १९६१ की यह फ़िल्म ऋषिकेश मुखर्जी की फ़िल्म थी जिसमें मुख्य कलाकार थे सुनिल...