Skip to main content

राग पहाड़ी : SWARGOSHTHI – 414 : RAG PAHADI






स्वरगोष्ठी – 414 में आज

बिलावल थाट के राग – 2 : राग पहाड़ी

बेगम परवीन सुलताना से राग पहाड़ी की रचना और लता जी से इस राग में पिरोया फिल्मी गीत सुनिए




परवीन  सुलताना
लता मंगेशकर
“रेडियो प्लेबैक इण्डिया” के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ के मंच पर हमारी श्रृंखला “बिलावल थाट के राग” की दूसरी कड़ी में मैं कृष्णमोहन मिश्र, आप सब संगीत-प्रेमियों का हार्दिक स्वागत करता हूँ। भारतीय संगीत के अन्तर्गत आने वाले रागों का वर्गीकरण करने के लिए मेल अथवा थाट-व्यवस्था है। भारतीय संगीत में 7 शुद्ध, 4 कोमल और 1 तीव्र, अर्थात कुल 12 स्वरों का प्रयोग होता है। एक राग की रचना के लिए उपरोक्त 12 स्वरों में से कम से कम 5 स्वरों का होना आवश्यक है। संगीत में थाट रागों के वर्गीकरण की पद्धति है। सप्तक के 12 स्वरों में से क्रमानुसार 7 मुख्य स्वरों के समुदाय को थाट कहते हैं। थाट को मेल भी कहा जाता है। दक्षिण भारतीय संगीत पद्धति में 72 मेल प्रचलित हैं, जबकि उत्तर भारतीय संगीत पद्धति में 10 थाट का प्रयोग किया जाता है। इसका प्रचलन पण्डित विष्णु नारायण भातखण्डे जी ने प्रारम्भ किया था। वर्तमान समय में रागों के वर्गीकरण के लिए यही पद्धति प्रचलित है। भातखण्डे जी द्वारा प्रचलित ये 10 थाट हैं- कल्याण, बिलावल, खमाज, भैरव, पूर्वी, मारवा, काफी, आसावरी, तोड़ी और भैरवी। इन्हीं 10 थाटों के अन्तर्गत प्रचलित-अप्रचलित सभी रागों को सम्मिलित किया गया है। भारतीय संगीत में थाट स्वरों के उस समूह को कहते हैं जिससे रागों का वर्गीकरण किया जा सकता है। पन्द्रहवीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध में 'राग तरंगिणी’ ग्रन्थ के लेखक लोचन कवि ने रागों के वर्गीकरण की परम्परागत 'ग्राम और मूर्छना प्रणाली’ का परिमार्जन कर मेल अथवा थाट प्रणाली की स्थापना की। लोचन कवि के अनुसार उस समय सोलह हज़ार राग प्रचलित थे। इनमें 36 मुख्य राग थे। सत्रहवीं शताब्दी में थाटों के अन्तर्गत रागों का वर्गीकरण प्रचलित हो चुका था। थाट प्रणाली का उल्लेख सत्रहवीं शताब्दी के ‘संगीत पारिजात’ और ‘राग विबोध’ नामक ग्रन्थों में भी किया गया है। लोचन कवि द्वारा प्रतिपादित थाट प्रणाली का प्रयोग लगभग 300 सौ वर्षों तक होता रहा। उन्नीसवीं शताब्दी के अन्तिम और बीसवीं शताब्दी के प्रारम्भिक दशकों में पण्डित विष्णु नारायण भातखण्डे ने भारतीय संगीत के बिखरे सूत्रों को न केवल संकलित किया बल्कि संगीत के कई सिद्धान्तों का परिमार्जन भी किया। भातखण्डे जी द्वारा निर्धारित दस थाट में से दूसरा थाट बिलावल है। इस श्रृंखला में हम बिलावल थाट के रागों पर क्रमशः चर्चा कर रहे हैं। प्रत्येक थाट का एक आश्रय अथवा जनक राग होता है और शेष जन्य राग कहलाते हैं। आज के अंक में बिलावल थाट के जन्य राग “पहाड़ी” पर चर्चा करेंगे। इस राग के शास्त्रीय स्वरूप को समझने के लिए सुविख्यात गायिका विदुषी परवीन सुलताना के स्वर में निबद्ध एक रचना का रसास्वादन आप करेंगे। इसके बाद इसी राग पर आधारित एक गीत फिल्म “बाज़ार” से लता मंगेशकर के स्वर में प्रस्तुत किया जाएगा। संगीतकार श्यामसुन्दर ने इस गीत को राग पहाड़ी के स्वरों का आधार दिया है।



ऐसी मान्यता है कि राग ‘पहाड़ी’, देश के पर्वतीय क्षेत्रों में प्रचलित लोकधुन का शास्त्रीय रूपान्तरण है। सुप्रसिद्ध बाँसुरी वादक पण्डित रघुनाथ सेठ का कथन है कि भारत के पर्वतीय क्षेत्रों सहित नेपाल के अधिकतर लोकधुनों में राग ‘पहाड़ी’ के स्वर मिलते हैं। यह राग बिलावल थाट के अन्तर्गत माना जाता है। औड़व-सम्पूर्ण जाति के इस राग के आरोह में मध्यम और निषाद स्वर वर्जित होते हैं तथा अवरोह में सभी सात स्वर शुद्ध प्रयोग किये जाते हैं। इसका आरोह राग भूप जैसा और अवरोह राग बिलावल जैसा होता है। इस राग का वादी स्वर मध्यम या पंचम तथा संवादी स्वर षडज होता है। ठुमरी, दादरा, गीत, गजल, भजन आदि उपशास्त्रीय और सुगम संगीत की रचनाओं के लिए राग ‘पहाड़ी’ एक आदर्श राग है। आइए, अब हम आपको राग पहाड़ी की एक मोहक रचना, सुविख्यात गायिका विदुषी परवीन सुलताना के स्वर में सुनवाते हैं।

राग पहाड़ी : “जा जा रे कगवा मोरा सन्देशवा...” : विदुषी परवीन सुलताना


चौथे दशक के उत्तरार्द्ध से लेकर छठें दशक के पूर्वार्द्ध तक फिल्म संगीत के क्षेत्र में सक्रिय रहे संगीतकार श्यामसुन्दर के बारे में आज की पीढ़ी प्रायः अनभिज्ञ है। पंजाब के उल्लासपूर्ण लोक संगीत का आभिजात्य रूपान्तरण कर तत्कालीन फिल्म संगीत को सँवारने वाले संगीतकारों में श्यामसुन्दर का नाम सम्मान से लिया जाता है। अपने शुरुआती दौर में श्यामसुन्दर, संगीतकार झण्डे खाँ के वाद्यदल (आर्केस्ट्रा) में वायलिन वादक थे। श्यामसुन्दर को इस बात का श्रेय भी दिया जाता है कि उन्होने अपनी पंजाबी फिल्म ‘गुल बलोच’ में मुहम्मद रफी को पहली बार पार्श्वगायन का अवसर दिया था। इस फिल्म में मुहम्मद रफी ने गीत- ‘सोणिए नी हीरिए नी...’ गाया था और इसी गीत से रफी के लिए आगे के द्वार खुल गए। शुरुआती दौर की कुछ हिन्दी फिल्मों में श्यामसुन्दर ने अन्य संगीतकारों के साथ संयुक्त रूप से संगीत निर्देशन किया था। 1943 की फिल्म ‘जंगी जवान’ में असलम के साथ और 1944 की फिल्म ‘भाई’ में गुलाम हैदर के साथ उन्होने संगीत निर्देशन किया था। उन्होने 1943 में ही प्रभात फिल्म कम्पनी की फिल्म ‘नई कहानी’ में स्वतंत्र रूप से संगीत रचना की थी। परन्तु प्रभात की परम्परा के अनुसार इस फिल्म में राग आधारित संगीत के स्थान पर श्यामसुन्दर ने लोकप्रिय संगीत पर अधिक ध्यान दिया था। रागदारी संगीत के पक्षधर और प्रभात के एक अन्य संगीतकार केशवराव भोले ने फिल्म ‘नई कहानी’ में श्यामसुन्दर के संगीत पर शास्त्रीयता से विमुख होने का आरोप भी लगाया था। आगे चल कर उन्होने रागों का आधार देना भी शुरू किया। 1946 में प्रदर्शित फिल्म ‘देवकन्या’ में अमीरबाई कर्नाटकी के गाये गीत- ‘पिया मिलन को जाने वाली सँभल सँभल कर चल...’ में श्यामसुन्दर ने अपने राग-प्रेम को स्पष्ट रूप से उजागर किया। 1949 में उनकी दो अत्यन्त सफल फिल्में ‘लाहौर’ और ‘बाज़ार’ प्रदर्शित हुईं। फिल्म ‘लाहौर’ के गीतों में जहाँ पंजाबी तालों का आकर्षण था, वहीं फिल्म ‘बाज़ार’ के गीतों की धुनों में रागों का स्पर्श था। फिल्म का एक गीत ‘साजन की गलियाँ छोड़ चले...’ सर्वाधिक लोकप्रिय गीत सिद्ध हुआ। लता मंगेशकर के गाये इस गीत में श्यामसुन्दर ने राग पहाड़ी का मोहक रूपान्तरण किया था। आम तौर पर ठुमरी में प्रयुक्त होने वाले दीपचन्दी ताल में निबद्ध होने के कारण इस गीत का सौन्दर्य द्विगुणित हो गया। आज भी यह गीत कभी-कभी रेडियो पर सुना जा सकता है। 1949 में प्रदर्शित, फिल्म ‘बाज़ार’ का राग पहाड़ी पर आधारित यह गीत लता मंगेशकर की आवाज़ में आप सुनिए और मुझे आज के इस अंक को यहीं विराम देने की अनुमति दीजिए।

राग पहाड़ी : “साजन की गलियाँ छोड़ चले...” : लता मंगेशकर : फिल्म - बाज़ार




संगीत पहेली

“स्वरगोष्ठी” के 414वें अंक की संगीत पहेली में आज हम आपको वर्ष 1959 में प्रदर्शित एक फिल्म के राग आधारित गीत का अंश सुनवा रहे हैं। गीत के इस अंश को सुन कर आपको दो अंक अर्जित करने के लिए निम्नलिखित तीन में से कम से कम दो प्रश्नों के सही उत्तर देने आवश्यक हैं। यदि आपको तीन में से केवल एक अथवा तीनों प्रश्नों का उत्तर ज्ञात हो तो भी आप प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। 420वें अंक तक जिस प्रतिभागी के सर्वाधिक अंक होंगे, उन्हें वर्ष 2019 के दूसरे सत्र का विजेता घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे वर्ष के प्राप्तांकों की गणना के बाद वर्ष के अन्त में महाविजेताओं की घोषणा की जाएगी और उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।






1 – इस गीतांश को सुन कर बताइए कि इस गीत में किस राग का आधार है?

2 – इस गीत में प्रयोग किये गए ताल को पहचानिए और उसका नाम बताइए।

3 – इस गीत में किस पार्श्वगायिका के स्वर हैं?

आप उपरोक्त तीन मे से किन्हीं दो प्रश्नों के उत्तर केवल swargoshthi@gmail.com या radioplaybackindia@live.com पर ही शनिवार, 13 अप्रैल, 2019 की मध्यरात्रि से पूर्व तक भेजें। आपको यदि उपरोक्त तीन में से केवल एक प्रश्न का सही उत्तर ज्ञात हो तो भी आप पहेली प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। COMMENTS में दिये गए उत्तर मान्य हो सकते हैं, किन्तु उसका प्रकाशन पहेली का उत्तर देने की अन्तिम तिथि के बाद किया जाएगा। “फेसबुक” पर पहेली का उत्तर स्वीकार नहीं किया जाएगा। विजेता का नाम हम उनके शहर, प्रदेश और देश के नाम के साथ ‘स्वरगोष्ठी’ के अंक संख्या 416 में प्रकाशित करेंगे। इस अंक में प्रस्तुत गीत-संगीत, राग, अथवा कलासाधक के बारे में यदि आप कोई जानकारी या अपने किसी अनुभव को हम सबके बीच बाँटना चाहते हैं तो हम आपका इस संगोष्ठी में स्वागत करते हैं। आप पृष्ठ के नीचे दिये गए COMMENTS के माध्यम से तथा swargoshthi@gmail.com अथवा radioplaybackindia@live.com पर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर सकते हैं।


पिछली पहेली के सही उत्तर और विजेता

‘स्वरगोष्ठी’ के 412वें अंक की पहेली में हमने आपसे वर्ष 1959 में प्रदर्शित फिल्म “क़ैदी नम्बर 911” के एक गीत का एक अंश सुनवा कर तीन प्रश्नों में से पूर्ण अंक प्राप्त करने के लिए कम से कम दो प्रश्नों के सही उत्तर की अपेक्षा की थी। पहेली के पहले प्रश्न का सही उत्तर है; राग – बिलावल, दूसरे प्रश्न का सही उत्तर है; ताल – कहरवा और तीसरे प्रश्न का सही उत्तर है; स्वर – लता मंगेशकर

‘स्वरगोष्ठी’ की इस पहेली का सही उत्तर देने वाले हमारे विजेता हैं; वोरहीज, न्यूजर्सी से डॉ. किरीट छाया, चेरीहिल न्यूजर्सी से प्रफुल्ल पटेल, कल्याण, महाराष्ट्र से शुभा खाण्डेकर, जबलपुर, मध्यप्रदेश से क्षिति तिवारी, अहमदाबाद, गुजरात से मुकेश लाडिया और हैदराबाद से हरिणा माधवी। उपरोक्त सभी प्रतिभागियों को ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ की ओर से हार्दिक बधाई। सभी प्रतिभागियों से अनुरोध है कि अपने पते के साथ कृपया अपना उत्तर ई-मेल से ही भेजा करें। इस पहेली प्रतियोगिता में हमारे नये प्रतिभागी भी हिस्सा ले सकते हैं। यह आवश्यक नहीं है कि आपको पहेली के तीनों प्रश्नों के सही उत्तर ज्ञात हो। यदि आपको पहेली का कोई एक भी उत्तर ज्ञात हो तो भी आप इसमें भाग ले सकते हैं।


अपनी बात

मित्रों, ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ पर श्रृंखला “बिलावल थाट के राग” की दूसरी कड़ी में आज आपने बिलावल थाट के राग पहाड़ी का परिचय प्राप्त किया। साथ ही इस राग के शास्त्रीय स्वरूप को समझने के लिए सुविख्यात गायिका विदुषी परवीन सुलताना के स्वर में एक रचना का रसास्वादन किया। इसके बाद इसी राग पर आधारित एक गीत फिल्म “बाज़ार” से लता मंगेशकर के स्वर में प्रस्तुत किया गया। संगीतकार श्यामसुन्दर ने इस गीत को राग पहाड़ी के स्वरों का आधार दिया है। “स्वरगोष्ठी” पर हमारी पिछली कड़ियों के बारे में हमें अनेक पाठकों की प्रतिक्रिया लगातार मिल रही है। हमें विश्वास है कि हमारे अन्य पाठक भी “स्वरगोष्ठी” के प्रत्येक अंक का अवलोकन करते रहेंगे और अपनी प्रतिक्रिया हमें भेजते रहेगे। आज के अंक और श्रृंखला के बारे में यदि आपको कुछ कहना हो तो हमें अवश्य लिखें। हमारी वर्तमान अथवा अगली श्रृंखला के लिए यदि आपका कोई सुझाव या अनुरोध हो तो हमें swargoshthi@gmail.com पर अवश्य लिखिए। अगले अंक में रविवार को प्रातः 7 बजे हम ‘स्वरगोष्ठी’ के इसी मंच पर एक बार फिर सभी संगीत-प्रेमियों का स्वागत करेंगे।

प्रस्तुति : कृष्णमोहन मिश्र  

रेडियो प्लेबैक इण्डिया 

राग पहाड़ी : SWARGOSHTHI – 414 : RAG PAHADI : 7 अप्रैल, 2019

Comments

Popular posts from this blog

सुर संगम में आज -भारतीय संगीताकाश का एक जगमगाता नक्षत्र अस्त हुआ -पंडित भीमसेन जोशी को आवाज़ की श्रद्धांजली

सुर संगम - 05 भारतीय संगीत की विविध विधाओं - ध्रुवपद, ख़याल, तराना, भजन, अभंग आदि प्रस्तुतियों के माध्यम से सात दशकों तक उन्होंने संगीत प्रेमियों को स्वर-सम्मोहन में बाँधे रखा. भीमसेन जोशी की खरज भरी आवाज का वैशिष्ट्य जादुई रहा है। बन्दिश को वे जिस माधुर्य के साथ बदल देते थे, वह अनुभव करने की चीज है। 'तान' को वे अपनी चेरी बनाकर अपने कंठ में नचाते रहे। भा रतीय संगीत-नभ के जगमगाते नक्षत्र, नादब्रह्म के अनन्य उपासक पण्डित भीमसेन गुरुराज जोशी का पार्थिव शरीर पञ्चतत्त्व में विलीन हो गया. अब उन्हें प्रत्यक्ष तो सुना नहीं जा सकता, हाँ, उनके स्वर सदियों तक अन्तरिक्ष में गूँजते रहेंगे. जिन्होंने पण्डित जी को प्रत्यक्ष सुना, उन्हें नादब्रह्म के प्रभाव का दिव्य अनुभव हुआ. भारतीय संगीत की विविध विधाओं - ध्रुवपद, ख़याल, तराना, भजन, अभंग आदि प्रस्तुतियों के माध्यम से सात दशकों तक उन्होंने संगीत प्रेमियों को स्वर-सम्मोहन में बाँधे रखा. भीमसेन जोशी की खरज भरी आवाज का वैशिष्ट्य जादुई रहा है। बन्दिश को वे जिस माधुर्य के साथ बदल देते थे, वह अनुभव करने की चीज है। 'तान' को वे अपनी चे

कल्याण थाट के राग : SWARGOSHTHI – 214 : KALYAN THAAT

स्वरगोष्ठी – 214 में आज दस थाट, दस राग और दस गीत – 1 : कल्याण थाट राग यमन की बन्दिश- ‘ऐसो सुघर सुघरवा बालम...’  ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ के मंच पर आज से आरम्भ एक नई लघु श्रृंखला ‘दस थाट, दस राग और दस गीत’ के प्रथम अंक में मैं कृष्णमोहन मिश्र, आप सब संगीत-प्रेमियों का हार्दिक स्वागत करता हूँ। आज से हम एक नई लघु श्रृंखला आरम्भ कर रहे हैं। भारतीय संगीत के अन्तर्गत आने वाले रागों का वर्गीकरण करने के लिए मेल अथवा थाट व्यवस्था है। भारतीय संगीत में 7 शुद्ध, 4 कोमल और 1 तीव्र, अर्थात कुल 12 स्वरों का प्रयोग होता है। एक राग की रचना के लिए उपरोक्त 12 स्वरों में से कम से कम 5 स्वरों का होना आवश्यक है। संगीत में थाट रागों के वर्गीकरण की पद्धति है। सप्तक के 12 स्वरों में से क्रमानुसार 7 मुख्य स्वरों के समुदाय को थाट कहते हैं। थाट को मेल भी कहा जाता है। दक्षिण भारतीय संगीत पद्धति में 72 मेल प्रचलित हैं, जबकि उत्तर भारतीय संगीत पद्धति में 10 थाट का प्रयोग किया जाता है। इसका प्रचलन पण्डित विष्णु नारायण भातखण्डे जी ने प्रारम्भ किया

‘बरसन लागी बदरिया रूमझूम के...’ : SWARGOSHTHI – 180 : KAJARI

स्वरगोष्ठी – 180 में आज वर्षा ऋतु के राग और रंग – 6 : कजरी गीतों का उपशास्त्रीय रूप   उपशास्त्रीय रंग में रँगी कजरी - ‘घिर आई है कारी बदरिया, राधे बिन लागे न मोरा जिया...’ ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ के मंच पर जारी लघु श्रृंखला ‘वर्षा ऋतु के राग और रंग’ की छठी कड़ी में मैं कृष्णमोहन मिश्र एक बार पुनः आप सभी संगीतानुरागियों का हार्दिक स्वागत और अभिनन्दन करता हूँ। इस श्रृंखला के अन्तर्गत हम वर्षा ऋतु के राग, रस और गन्ध से पगे गीत-संगीत का आनन्द प्राप्त कर रहे हैं। हम आपसे वर्षा ऋतु में गाये-बजाए जाने वाले गीत, संगीत, रागों और उनमें निबद्ध कुछ चुनी हुई रचनाओं का रसास्वादन कर रहे हैं। इसके साथ ही सम्बन्धित राग और धुन के आधार पर रचे गए फिल्मी गीत भी सुन रहे हैं। पावस ऋतु के परिवेश की सार्थक अनुभूति कराने में जहाँ मल्हार अंग के राग समर्थ हैं, वहीं लोक संगीत की रसपूर्ण विधा कजरी अथवा कजली भी पूर्ण समर्थ होती है। इस श्रृंखला की पिछली कड़ियों में हम आपसे मल्हार अंग के कुछ रागों पर चर्चा कर चुके हैं। आज के अंक से हम वर्षा ऋतु की