Skip to main content

जवाँ है मोहब्बत हसीं है ज़माना...यादें है इस गीत में मलिका-ए-तरन्नुम नूरजहाँ की

ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 98

ज का 'ओल्ड इज़ गोल्ड' बहुत ख़ास है क्योंकि आज हम इसमे एक ऐसी आवाज़ आप तक पहुँचा रहे हैं जो ४० के दशक मे घर घर गली गली गूँजा करती थी। १९४७ में देश के बँटवारे के बाद वो फनकारा पाक़िस्तान चली गयीं और पीछे छोड़ गयीं अपनी आवाज़ का वो जादू जिन्हे आज तक सुनते हुए हमारे कान नहीं थकते और ना ही उनकी आवाज़ को कोई भुला ही पाया है. लताजी के आने से पहले यही आवाज़ थी हमारे देश की धड़कन, जी हाँ, हम बात कर रहे हैं मलिका-ए-तरन्नुम नूरजहाँ की। नूरजहाँ की आवाज़ उस ज़माने मे इतनी लोकप्रिय थी कि उन दिनों हर उभरती गायिका उन्हे अपना आदर्श बनाकर पार्श्वगायन के क्षेत्र में क़दम रखती थीं। यहाँ तक कि अगर हम सुरकोकिला लताजी के शुरुआती दो चार फ़िल्मों के गानें सुनें तो उनमें भी नूरजहाँ का अंदाज़ साफ़ झलकता है। यह बेहद अफ़सोस की बात है हम भारतवासियों के लिए कि स्वाधीनता के बाद नूरजहाँ अपने पति शौकत अली के साथ पाक़िस्तान जा बसीं जिससे कि हमारी यहाँ की फ़िल्में उनकी आवाज़ के जादू से वंचित रह गयीं। कहते हैं कि कला की कोई सीमा नहीं होती और ना ही कोई सरहद इसे रोक पायी है। नूरजहाँ की जादूई आवाज़ आज भी हमारे यहाँ मौजूद है उनके यहाँ गाये हुए तमाम गीतों में जो फ़िल्म संगीत के ख़ज़ाने का एक अमूल्य सम्पदा है। कई लोग इस तर्क में जाते हैं कि अगर नूरजहाँ यहाँ रहतीं तो लताजी उस शिखर पर शायद नहीं पहुँच पातीं जहाँ पर वो आज पहुँची हैं। दोस्तों, यह तर्क बेकार और अर्थहीन है। लता लता है और नूरजहाँ नूरजहाँ। ये दोनो अपनी अपनी जगह पर हैं और इन दोनो का एक दूसरे से तुलना करना बिल्कुल निरर्थक है। हम तो बस यही कहेंगे कि अगर नूरजहाँ हमारे देश मे रहतीं तो यहाँ का फ़िल्म संगीत और भी समृद्ध होता।

नूरजहाँ की आवाज़ में हमने जिस गीत को चुना है आज यहाँ बजाने के लिए वह है फ़िल्म 'अनमोल घड़ी' का। यह फ़िल्म बनी थी १९४६ में और इसका निर्माण महबूब ख़ान ने किया था। नूरजहाँ, सुरेन्द्र और सुरैय्या अभिनीत यह फ़िल्म उस साल का एक 'म्युज़िकल ब्लाकबस्टर' साबित हुआ था। और क्यों न हो, नूरजहाँ, सुरेन्द्र और सुरैय्या उस ज़माने के चोटी के 'सिंगिंग स्टार्स' जो थे, और साथ में था नौशाद साहब का संगीत और तनवीर नक़वी के बोल, क़माल तो होना ही था! दोस्तों, नौशाद साहब ने सहगल साहब और नूरजहाँ के साथ बस एक एक फ़िल्म में काम किया है, सहगल साहब के साथ 'शाहजहाँ' में और नूरजहाँ के साथ इस 'अनमोल घड़ी' में। 'अनमोल घड़ी' की अपार सफलता के बाद नौशाद साहब ने महबूब साहब की हर एक फ़िल्म में संगीत दिया। १९४४ में फ़िल्म 'रतन' में ज़ोहराबाई का गाया "अखियाँ मिलाके जिया भरमाके चले नहीं जाना" की बेशुमार कामयाबी के बाद नौशाद का जो गीत इसी तरह से हर किसी के ज़ुबान पर चढ़ गया था वह था 'अनमोल घड़ी' का "जवाँ है मोहब्बत हसीं है ज़माना, लुटाया है दिल ने ख़ुशी का ख़ज़ाना"। राग पहाड़ी मे स्वरबद्ध नूरजहाँ का गाया यह गीत उनके यहाँ गाये हुए सबसे ज़्यादा मशहूर गीतों में से एक है। तो लीजिए आज का 'ओल्ड इज़ गोल्ड' मलिका-ए-तरन्नुम नूरजहाँ के नाम!



और अब बूझिये ये पहेली. अंदाजा लगाइये कि हमारा अगला "ओल्ड इस गोल्ड" गीत कौन सा है. हम आपको देंगे तीन सूत्र उस गीत से जुड़े. ये परीक्षा है आपके फ़िल्म संगीत ज्ञान की. अगले गीत के लिए आपके तीन सूत्र ये हैं -

१. कमर जलालाबादी का लिखा सुरैय्या का गाया ये गीत.
२. संगीतकार हैं सज्जाद हुसैन.
३. मुखड़े में शब्द है -"बयां".

कुछ याद आया...?

पिछली पहेली का परिणाम -
भई सबसे पहले तो भूल के लिए माफ़ी. मुखड़े में "खजाना" लिखना था "तराना" लिखा गया. पर फिर भी आप लोगों ने सही गीत चुन लिया, स्वप्न मंजूषा जी को विजेता होने की बधाई, चलिए इस बहाने ही सही पराग जी बहुत दिनों के बाद ओल्ड इस गोल्ड में लौटे...कहाँ थे जनाब ? हम अपनी १०० वीं कड़ी की तरफ बढ़ रहे हैं. ये ओल्ड इस गोल्ड के लिए ही नहीं बल्कि आवाज़ और हिंद युग्म के लिए भी एक एतिहासिक मौका होगा. ओल्ड इस गोल्ड के सभी नियमित श्रोता इस एपिसोड का हिस्सा जरूर बनें और यदि कोई सुझाव या बदलाव आप इस फॉर्मेट में चाहते हैं तो हमें अवश्य बतायें.

खोज और आलेख- सुजॉय चटर्जी



ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम ६-७ के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.


Comments

'अदा' said…
यह कैसी अजब दास्ताँ हो गयी है
छुपाते छुपाते बयां हो गयी है

फिल्म : रुस्तम सोहराब
rachana said…
मंजूषा जी क्या खूब पहचाना मुझे भी यही लग रहा है
रचना
इस बार तो पहेली आसान थी पर मैं लेट हो गया लेकिन शायद फ़िल्म रुस्तम सोहराब १९६३ में सुरैया का गाया ये आखिरी गीत था ।
manu said…
वेरी सिंपल,,,,
क्या गाया है,,,
बुझा दो बुझा दो बुझा दो सितारों की शम्मे बुझा दो,
छुपा दो छुपा दो छुपा दो हसीं चाँद दो भी छुपा दो,
यहाँ रौशनी महमाँ हो गयी है,
अ आ ,,,,,आ आ आआ आ आ आ !!!!!!!!!!!!
Shamikh Faraz said…
वाकई यह संगीत ज्ञान परखने का एक अच्छा तरीका है.

Popular posts from this blog

भला हुआ मेरी मटकी फूटी.. ज़िन्दगी से छूटने की ख़ुशी मना रहे हैं कबीर... साथ हैं गुलज़ार और आबिदा

महफ़िल-ए-ग़ज़ल #११३ सू फ़ियों-संतों के यहां मौत का तसव्वुर बडे खूबसूरत रूप लेता है| कभी नैहर छूट जाता है, कभी चोला बदल लेता है| जो मरता है ऊंचा ही उठता है, तरह तरह से अंत-आनन्द की बात करते हैं| कबीर के यहां, ये खयाल कुछ और करवटें भी लेता है, एक बे-तकल्लुफ़ी है मौत से, जो जिन्दगी से कहीं भी नहीं| माटी कहे कुम्हार से, तू क्या रोंदे मोहे । एक दिन ऐसा आयेगा, मैं रोदुंगी तोहे ॥ माटी का शरीर, माटी का बर्तन, नेकी कर भला कर, भर बरतन मे पाप पुण्य और सर पे ले| आईये हम भी साथ-साथ गुनगुनाएँ "भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे"..: भला हुआ मेरी मटकी फूटी रे । मैं तो पनिया भरन से छूटी रे ॥ बुरा जो देखन मैं चला, बुरा ना मिलिया कोय । जो दिल खोजा आपणा, तो मुझसा बुरा ना कोय ॥ ये तो घर है प्रेम का, खाला का घर नांहि । सीस उतारे भुँई धरे, तब बैठे घर मांहि ॥ हमन है इश्क़ मस्ताना, हमन को हुशारी क्या । रहे आज़ाद या जग से, हमन दुनिया से यारी क्या ॥ कहना था सो कह दिया, अब कछु कहा ना जाये । एक गया सो जा रहा, दरिया लहर समाये ॥ लाली मेरे लाल की, जित देखूं तित लाल । लाली देखन मैं गयी, मैं भी हो गयी लाल ॥ हँस हँस कु...

‘बरसन लागी बदरिया रूमझूम के...’ : SWARGOSHTHI – 180 : KAJARI

स्वरगोष्ठी – 180 में आज वर्षा ऋतु के राग और रंग – 6 : कजरी गीतों का उपशास्त्रीय रूप   उपशास्त्रीय रंग में रँगी कजरी - ‘घिर आई है कारी बदरिया, राधे बिन लागे न मोरा जिया...’ ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ के मंच पर जारी लघु श्रृंखला ‘वर्षा ऋतु के राग और रंग’ की छठी कड़ी में मैं कृष्णमोहन मिश्र एक बार पुनः आप सभी संगीतानुरागियों का हार्दिक स्वागत और अभिनन्दन करता हूँ। इस श्रृंखला के अन्तर्गत हम वर्षा ऋतु के राग, रस और गन्ध से पगे गीत-संगीत का आनन्द प्राप्त कर रहे हैं। हम आपसे वर्षा ऋतु में गाये-बजाए जाने वाले गीत, संगीत, रागों और उनमें निबद्ध कुछ चुनी हुई रचनाओं का रसास्वादन कर रहे हैं। इसके साथ ही सम्बन्धित राग और धुन के आधार पर रचे गए फिल्मी गीत भी सुन रहे हैं। पावस ऋतु के परिवेश की सार्थक अनुभूति कराने में जहाँ मल्हार अंग के राग समर्थ हैं, वहीं लोक संगीत की रसपूर्ण विधा कजरी अथवा कजली भी पूर्ण समर्थ होती है। इस श्रृंखला की पिछली कड़ियों में हम आपसे मल्हार अंग के कुछ रागों पर चर्चा कर चुके हैं। आज के अंक से हम वर्षा ऋतु...

"जाने कहाँ गए वो दिन...", कौन कौन से थे इस गीत के वो तीन अन्तरे जो जारी नहीं हुए?

एक गीत सौ कहानियाँ - 95 'जाने कहाँ गए वो दिन ...'   रेडियो प्लेबैक इण्डिया' के सभी श्रोता-पाठकों को सुजॉय चटर्जी का प्यार भरा नमस्कार। दोस्तों, हम रोज़ाना  रेडियो पर, टीवी पर, कम्प्यूटर पर, और न जाने कहाँ-कहाँ, जाने कितने ही गीत सुनते हैं, और गुनगुनाते हैं। ये फ़िल्मी नग़में हमारे साथी हैं सुख-दुख के, त्योहारों के, शादी और अन्य अवसरों के, जो हमारे जीवन से कुछ ऐसे जुड़े हैं कि इनके बिना हमारी ज़िन्दगी बड़ी ही सूनी और बेरंग होती। पर ऐसे कितने गीत होंगे जिनके बनने की कहानियों से, उनसे जुड़े दिलचस्प क़िस्सों से आप अवगत होंगे? बहुत कम, है न? कुछ जाने-पहचाने, और कुछ कमसुने फ़िल्मी गीतों की रचना प्रक्रिया, उनसे जुड़ी दिलचस्प बातें, और कभी-कभी तो आश्चर्य में डाल देने वाले तथ्यों की जानकारियों को समेटता है 'रेडियो प्लेबैक इण्डिया' का यह स्तम्भ 'एक गीत सौ कहानियाँ'।  इसकी 95-वीं कड़ी में आज जानिए 1970 की फ़िल्म ’मेरा नाम जोकर’ के मशहूर गीत "जाने कहाँ गए वो दिन..." के बारे में जिसे मुके...