Skip to main content

राग बहार से ऋतुराज का अभिनन्दन

स्वरगोष्ठी – ५७ में आज

‘छम छम नाचत आई बहार...’

बसन्त ऋतु में गाये-बजाये जाने वाले कुछ मुख्य रागों की चर्चा का यह सिलसिला हमने गत सप्ताह से आरम्भ किया है। इस श्रृंखला की अगली कड़ी में आज हम आपसे राग बहार पर चर्चा करेंगे। राग बहार एक प्राचीन राग है, जिसमें शास्त्रीय, उपशास्त्रीय, सुगम और लोक संगीत की रचनाएँ भरपूर मिलतीं हैं। इस राग के स्वर-समूह प्रकृतिक परिवेश रचने में पूर्ण समर्थ हैं। 

‘स्वरगोष्ठी’ के ५७ वें अंक में आप सभी संगीत-प्रेमियों का, मैं कृष्णमोहन मिश्र, हार्दिक स्वागत करता हूँ। पिछले अंक में हमने आपसे राग बसन्त के बारे में चर्चा की थी। ऋतुओं पर आधारित रागों की श्रृंखला में आज बारी है, राग बहार की। बसन्त ऋतु के परिवेश को चित्रित करने में राग बहार के स्वर पूर्ण सक्षम हैं। इस राग पर चर्चा का आरम्भ हम अतीत के सुनहरे दौर के एक फिल्मी गीत से करेंगे।

१९४३ में रणजीत स्टुडियो द्वारा एक उल्लेखनीय फिल्म ‘तानसेन’ का प्रदर्शन हुआ था। इस फिल्म में गायक-अभिनेता कुन्दनलाल सहगल तानसेन की भूमिका में और अभिनेत्री-गायिका खुर्शीद, तानसेन की प्रेमिका की भूमिका में थीं। संगीतकार खेमचन्द्र प्रकाश थे। इस संगीतप्रधान फिल्म में उन्होने एक से बढ़ कर एक विभिन्न राग आधारित गीतों की रचना की थी। राग तिलक कामोद, मेघ मल्हार, शंकरा, पीलू और कथित दीपक राग पर आधारित गीतों के बीच एक गीत ‘बाग लगा दूँ सजनी...’ राग बहार पर भी आधारित था, जिसे सहगल ने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में प्रस्तुत किया था। आइए, यह गीत सुना जाए-

‘बाग लगा दूँ सजनी...’ : स्वर - के.एल. सहगल : संगीत – खेमचन्द्र प्रकाश


चूँकि राग बहार ऋतु प्रधान राग है, अतः बसन्त ऋतु में इसका गायन-वादन किसी भी समय किया जाता है। अन्य समय इसे रात्रि में ही गाने-बजाने की परम्परा है। काफी थाट के अन्तर्गत आने वाले इस राग की जाति षाड़व-सम्पूर्ण है, अर्थात आरोह में छः और अवरोह में सात स्वरों का प्रयोग किया जाता है। बहार में दोनों निषाद का प्रयोग किया जाता है, आरोह में शुद्ध निषाद और अवरोह में कोमल निषाद। मध्यम स्वर वादी और षडज स्वर संवादी माना जाता है। इसके आरोह के स्वर हैं- सा म, प (कोमल) म, ध, नि सां तथा अवरोह के स्वर हैं- रें नि सां ध नि (कोमल) प, म प (कोमल) म, रे सा । आइए अब हम आपको राग बहार की एक मनमोहक बन्दिश सुनवाते हैं। द्रुत तीनताल में निबद्ध इस रचना को महान गायक पण्डित भीमसेन जोशी ने स्वर प्रदान किया है। यह द्रुत खयाल हम आपको दो हिस्सों बाँट कर सुनवा रहे हैं।

‘कलियन संग करता रंगरेलियाँ...’ स्वर – पण्डित भीमसेन जोशी : राग – बहार, द्रुत तीनताल




पिछले अंक में हमने आपसे चर्चा की थी कि पण्डित भीमसेन जोशी का जन्म बसन्त ऋतु में अर्थात ४ फरवरी १९२२ को हुआ था। भारत के इस महान रत्न के कृतित्व का एक अंश अभी आपने सुना। अब हम आपसे उनके व्यक्तित्व से जुड़े कुछ रोचक तथ्य बाँटेंगे। कई वर्ष पूर्व एक अन्तरंग और अनौपचारिक बातचीत के दौरान पण्डित जी से जब यह पूछा गया कि बचपन में एक चम्मच घी के लिए वे अपनी माँ से झगड़ा कर घर से क्यों भागे? इस सवाल के जवाब में उन्होने बताया कि घी की माँग तो बस एक बहाना था। घर से भागने का निश्चय तो वे पहले ही कर चुके थे। कारण पुछने पर उन्होने बताया कि उन दिनों उनके गाँव या उसके आसपास संगीत सिखाने वाला कोई गुरु नहीं था। एकमात्र प्राथमिक विद्यालय के एक शिक्षक थे, जो विद्यार्थियों को मात्र सरगम का अभ्यास कराते थे। बचपन में ही उस्ताद अब्दुल करीम खाँ के रिकार्ड सुन कर उन्हीं के जैसा गवैया बनने की ठान ली और एक चम्मच घी के बहाने घर से भाग निकले। उनका लक्ष्य संगीत के गढ़ ग्वालियर पहुँचने का था। इसके आगे उनकी यात्रा के कुछ रोचक प्रसंगों की चर्चा हम अगले अंक में करेंगे।

अब हम आपको इसी बातचीत का वह हिस्सा सुनवाते हैं, जिसमे पण्डित जी से उनके फिल्मों में किए योगदान के बारे में पूछा गया था। इस सवाल पर उनका उत्तर आप ध्यान से सुनिए, क्योंकि आज की पहेली में पूछे गए प्रश्न का उत्तर इसी आडियो क्लिप को सुन कर ही दिया जा सकता है।



एक सवाल आपसे

अभी आपने पण्डित भीमसेन जोशी से वर्षों पहले की गई बातचीत का एक अंश सुना, जिसमे उन्होने फिल्मों में अपने पहले पार्श्वगायन के विषय में चर्चा की है। बातचीत के दौरान पण्डित जी ने उक्त गीत की कुछ पंक्तियाँ स्वयं गाकर भी सुनाया था। फिल्म के संगीतकार शंकर-जयकिशन का नाम भी उन्होने लिया। आपको आडियो क्लिप का यह अंश सुन कर दो सवालों के जवाब देने हैं।


पहला सवाल- बातचीत के दौरान जिस गीत का ज़िक्र है, वह किस फिल्म का है?

दूसरा सवाल- पण्डित जी ने गीतकार की चर्चा तो की, किन्तु नाम नहीं लिया। क्या आप हमें इस गीत के गीतकार का नाम बता सकते है?

अपने उत्तर हमें तत्काल swargoshthi@gmail.com पर भेजें। विजेता का नाम हम ‘स्वरगोष्ठी’ के ५९वें अंक में सम्मान के साथ प्रकाशित करेंगे। इस अंक में प्रस्तुत गीत-संगीत, राग, अथवा कलासाधक के बारे में यदि आप कोई जानकारी या अपने किसी अनुभव को हम सबके बीच बाँटना चाहते हैं तो हम आपका इस संगोष्ठी में स्वागत करते हैं। आप पृष्ठ के नीचे दिये गए comments के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर सकते हैं। हमसे सीधे सम्पर्क के लिए swargoshthi@gmail.com अथवा admin@radioplaybackindia.com पर भी अपना सन्देश भेज सकते हैं।

आपकी बात

‘स्वरगोष्ठी’ के ५५ वें अंक में हमने आपको शहनाई-वायलिन जुगलबन्दी के माध्यम से राग पीलू की एक धुन सुनवा कर इस धुन से मिलते-जुलते फिल्मी गीत के बारे में पूछा था। प्रश्न का सही उत्तर है- फिल्म ‘धूल का फूल’ और इस फिल्म के गीत के बोल हैं- ‘तेरे प्यार का आसरा चाहता हूँ...’। सही उत्तर देने वाले हमारे पाठक हैं- लखनऊ के प्रकाश गोविन्द, हमारे पुराने हमसफर अवधलाल जी और इन्दौर की क्षिति तिवारी। इन सभी पाठकों को रेडियो प्लेबैक इण्डिया की ओर से बधाई। इसी के साथ इलाहाबाद के पाठक अभिलाष नारायण तथा अर्चना टण्डन (अपने नगर या प्रदेश का नाम नहीं लिखा) को पण्डित वी.जी. जोग का वायलिन-वादन पसन्द आया।

झरोखा अगले अंक का

आगामी अंक में हमारी चर्चा का राग बसन्त-बहार होगा। इस अंक में आप पण्डित अजय चक्रवर्ती और पण्डित राजन-साजन मिश्र की प्रस्तुतियों का रसास्वादन कर सकते हैं, राग बसन्त-बहार पर आधारित फिल्म संगीत पर तो चर्चा होगी ही। अगले रविवार को प्रातः ९-३० बजे हमारी-आपकी पुनः सांगीतिक बैठक आयोजित होगी। हमें आपकी प्रतीक्षा रहेगी।

कृष्णमोहन मिश्र

Comments

Amit said…
बहुत बढ़िया लेख है. तीनो गीत सम्मोहित कर देते हैं
So good. Brilliant Bahar by an incomparable master musician.
Kshiti said…
Film Basant Bahar
M D Shankar Jaikishan
Lyric Shailendra

Popular posts from this blog

सुर संगम में आज -भारतीय संगीताकाश का एक जगमगाता नक्षत्र अस्त हुआ -पंडित भीमसेन जोशी को आवाज़ की श्रद्धांजली

सुर संगम - 05 भारतीय संगीत की विविध विधाओं - ध्रुवपद, ख़याल, तराना, भजन, अभंग आदि प्रस्तुतियों के माध्यम से सात दशकों तक उन्होंने संगीत प्रेमियों को स्वर-सम्मोहन में बाँधे रखा. भीमसेन जोशी की खरज भरी आवाज का वैशिष्ट्य जादुई रहा है। बन्दिश को वे जिस माधुर्य के साथ बदल देते थे, वह अनुभव करने की चीज है। 'तान' को वे अपनी चेरी बनाकर अपने कंठ में नचाते रहे। भा रतीय संगीत-नभ के जगमगाते नक्षत्र, नादब्रह्म के अनन्य उपासक पण्डित भीमसेन गुरुराज जोशी का पार्थिव शरीर पञ्चतत्त्व में विलीन हो गया. अब उन्हें प्रत्यक्ष तो सुना नहीं जा सकता, हाँ, उनके स्वर सदियों तक अन्तरिक्ष में गूँजते रहेंगे. जिन्होंने पण्डित जी को प्रत्यक्ष सुना, उन्हें नादब्रह्म के प्रभाव का दिव्य अनुभव हुआ. भारतीय संगीत की विविध विधाओं - ध्रुवपद, ख़याल, तराना, भजन, अभंग आदि प्रस्तुतियों के माध्यम से सात दशकों तक उन्होंने संगीत प्रेमियों को स्वर-सम्मोहन में बाँधे रखा. भीमसेन जोशी की खरज भरी आवाज का वैशिष्ट्य जादुई रहा है। बन्दिश को वे जिस माधुर्य के साथ बदल देते थे, वह अनुभव करने की चीज है। 'तान' को वे अपनी चे

कल्याण थाट के राग : SWARGOSHTHI – 214 : KALYAN THAAT

स्वरगोष्ठी – 214 में आज दस थाट, दस राग और दस गीत – 1 : कल्याण थाट राग यमन की बन्दिश- ‘ऐसो सुघर सुघरवा बालम...’  ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ के मंच पर आज से आरम्भ एक नई लघु श्रृंखला ‘दस थाट, दस राग और दस गीत’ के प्रथम अंक में मैं कृष्णमोहन मिश्र, आप सब संगीत-प्रेमियों का हार्दिक स्वागत करता हूँ। आज से हम एक नई लघु श्रृंखला आरम्भ कर रहे हैं। भारतीय संगीत के अन्तर्गत आने वाले रागों का वर्गीकरण करने के लिए मेल अथवा थाट व्यवस्था है। भारतीय संगीत में 7 शुद्ध, 4 कोमल और 1 तीव्र, अर्थात कुल 12 स्वरों का प्रयोग होता है। एक राग की रचना के लिए उपरोक्त 12 स्वरों में से कम से कम 5 स्वरों का होना आवश्यक है। संगीत में थाट रागों के वर्गीकरण की पद्धति है। सप्तक के 12 स्वरों में से क्रमानुसार 7 मुख्य स्वरों के समुदाय को थाट कहते हैं। थाट को मेल भी कहा जाता है। दक्षिण भारतीय संगीत पद्धति में 72 मेल प्रचलित हैं, जबकि उत्तर भारतीय संगीत पद्धति में 10 थाट का प्रयोग किया जाता है। इसका प्रचलन पण्डित विष्णु नारायण भातखण्डे जी ने प्रारम्भ किया

‘बरसन लागी बदरिया रूमझूम के...’ : SWARGOSHTHI – 180 : KAJARI

स्वरगोष्ठी – 180 में आज वर्षा ऋतु के राग और रंग – 6 : कजरी गीतों का उपशास्त्रीय रूप   उपशास्त्रीय रंग में रँगी कजरी - ‘घिर आई है कारी बदरिया, राधे बिन लागे न मोरा जिया...’ ‘रेडियो प्लेबैक इण्डिया’ के साप्ताहिक स्तम्भ ‘स्वरगोष्ठी’ के मंच पर जारी लघु श्रृंखला ‘वर्षा ऋतु के राग और रंग’ की छठी कड़ी में मैं कृष्णमोहन मिश्र एक बार पुनः आप सभी संगीतानुरागियों का हार्दिक स्वागत और अभिनन्दन करता हूँ। इस श्रृंखला के अन्तर्गत हम वर्षा ऋतु के राग, रस और गन्ध से पगे गीत-संगीत का आनन्द प्राप्त कर रहे हैं। हम आपसे वर्षा ऋतु में गाये-बजाए जाने वाले गीत, संगीत, रागों और उनमें निबद्ध कुछ चुनी हुई रचनाओं का रसास्वादन कर रहे हैं। इसके साथ ही सम्बन्धित राग और धुन के आधार पर रचे गए फिल्मी गीत भी सुन रहे हैं। पावस ऋतु के परिवेश की सार्थक अनुभूति कराने में जहाँ मल्हार अंग के राग समर्थ हैं, वहीं लोक संगीत की रसपूर्ण विधा कजरी अथवा कजली भी पूर्ण समर्थ होती है। इस श्रृंखला की पिछली कड़ियों में हम आपसे मल्हार अंग के कुछ रागों पर चर्चा कर चुके हैं। आज के अंक से हम वर्षा ऋतु की